11 नवंबर से सात दिवसीय धार्मिक महोत्सव का होगा भव्य शुभारंभ
सुल्तानपुर : नगर पंचायत दोस्तपुर में आगामी 11 नवंबर से आयोजित होने वाले सात दिवसीय भव्य श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ को लेकर तैयारियां अब जोरों पर चल रही हैं। भगवान श्री राधा-माधव की अहैतुकी कृपा से आयोजित होने वाले इस पावन धार्मिक अनुष्ठान को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने के लिए आयोजक परिवार पूरी तन्मयता से जुटा हुआ है। कथा स्थल पर आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की तैयारियां की जा रही हैं। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं संभ्रांत नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में वृंदावन धाम से पधार रहे राधावल्लभ सम्प्रदाय के परम पूज्य संत श्री प्रेमानंद जी महाराज के कृपापात्र शिष्य, परम श्रद्धेय कथा व्यास श्री अतुल कृष्ण भामिनी शरण जी महाराज व्यासपीठ पर विराजमान होकर अपनी अमृतमयी वाणी से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा का रसपान कराएंगे। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्ति, प्रेम, त्याग, धर्म, कर्म और सनातन संस्कृति से जुड़े आध्यात्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।
11 नवंबर को भव्य कलश शोभायात्रा से होगा शुभारंभ
धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार, 11 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे भव्य कलश शोभायात्रा के साथ किया जाएगा। शोभायात्रा के साथ सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ होगा। इसके बाद 11 नवंबर से 17 नवंबर तक प्रतिदिन सायं 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। सात दिनों तक कथा स्थल पर भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण रहेगा।
कथा स्थल को भव्य स्वरूप देने में जुटा आयोजक परिवार
कथा का आयोजन नगर पंचायत दोस्तपुर में कादीपुर रोड स्थित निकट ग्रामीण बैंक के पास किया जाएगा। आयोजन को लेकर आयोजक परिवार द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि कथा श्रवण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिल सके। आयोजकों का प्रयास है कि यह धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन के साथ संपन्न हो।
इस पावन अनुष्ठान के मुख्य यजमान श्री चन्द्र बरनवाल एवं श्रीमती ऊषा देवी रहेंगे। आयोजक कृष्ण चंद्र बरनवाल एवं अनिल बरनवाल ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमियों, श्रद्धालुओं, गणमान्य नागरिकों एवं नगरवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।
श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचने की अपील
आयोजकों ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि जीवन में सदाचार, प्रेम, भक्ति, संस्कार और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला आध्यात्मिक महोत्सव है। कथा श्रवण से मन को शांति मिलती है और भगवान के प्रति श्रद्धा एवं विश्वास मजबूत होता है। सभी श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति इस धार्मिक अनुष्ठान की शोभा बढ़ाएगी।
कार्यक्रम का विवरण
आयोजन: सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ।
कलश शोभायात्रा: 11 नवंबर 2026, बुधवार, प्रातः 10 बजे।
कथा प्रारंभ: 11 नवंबर 2026।
कथा समापन: 17 नवंबर 2026।
कथा का समय: प्रतिदिन सायं 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक।
कथा व्यास: परम श्रद्धेय श्री अतुल कृष्ण भामिनी शरण जी महाराज, वृंदावन धाम।
मुख्य यजमान: श्री चन्द्र बरनवाल एवं श्रीमती ऊषा देवी।
स्थान: निकट ग्रामीण बैंक, कादीपुर रोड, नगर पंचायत दोस्तपुर, जनपद सुल्तानपुर
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.