श्रीमद्भागवत कथा में शिव-पार्वती विवाह प्रसंग ने बांधा समां
दोस्तपुर, सुल्तानपुर : नगर दोस्तपुर में बरनवाल परिवार के सौजन्य से आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के अंतर्गत शुक्रवार को भगवान शिव एवं माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान पूरा कथा पंडाल शिवमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और जय माता पार्वती के जयकारों के साथ विवाह उत्सव में बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
वृंदावन धाम से पधारे सुप्रसिद्ध कथा व्यास श्री अतुल कृष्ण भामिनी जी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा के दौरान शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण, आध्यात्मिक एवं रोचक वर्णन किया। उन्होंने बताया कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या की। उनकी अटूट श्रद्धा, निष्ठा और समर्पण से प्रसन्न होकर भगवान भोलेनाथ ने उन्हें पत्नी रूप में स्वीकार किया। यह प्रसंग हमें सिखाता है कि सच्ची भक्ति, दृढ़ संकल्प और अटूट विश्वास से जीवन के सर्वोच्च लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
महाराज जी ने भगवान शिव और माता पार्वती के पावन विवाह के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिव और शक्ति का मिलन सृष्टि के संतुलन, प्रेम, त्याग, समर्पण और कल्याण का प्रतीक है। भगवान शिव वैराग्य और तपस्या के प्रतीक हैं, वहीं माता पार्वती शक्ति, श्रद्धा और करुणा का स्वरूप हैं। दोनों का मिलन संपूर्ण संसार को धर्म, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है।
शिव बारात के स्वागत में झूमे श्रद्धालु
विवाह उत्सव के अवसर पर भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई, जिसका श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया। कथा पंडाल में शिव-पार्वती के मनोहारी स्वरूपों की आकर्षक झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती का अभिनंदन किया। महिलाओं ने पारंपरिक मंगलगीत गाए तथा भजन-कीर्तन के बीच भक्तगण भावविभोर होकर झूमते नजर आए। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने विवाह उत्सव को वास्तविक मांगलिक समारोह की तरह मनाया।
मुख्य यजमानों ने विधि-विधान से किया कन्यादान
शिव-पार्वती विवाह के मांगलिक अवसर पर मुख्य यजमान श्री चंद बरनवाल, श्रीमती उषा देवी, अनिल, सुशील, बृजेश सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने सपरिवार विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार कन्यादान की रस्म संपन्न की। वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलगीतों के बीच संपन्न इस धार्मिक आयोजन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कन्यादान के दौरान पूरा कथा स्थल श्रद्धा और भक्ति के वातावरण से सराबोर रहा।
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सहित गणमान्य लोगों ने लिया कथा का आनंद
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी शुक्ला, रचना कसौधन, ऐरावती शर्मा, कमलनयन त्रिपाठी, अनिल सिंह, विवेक तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने कथा व्यास श्री अतुल कृष्ण भामिनी जी महाराज के मुखारविंद से भगवान शिव-पार्वती विवाह का दिव्य प्रसंग सुनकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
कथा के समापन पर विधि-विधान से भगवान की महाआरती की गई। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन के अंत में बरनवाल परिवार, दोस्तपुर की ओर से कथा में पधारे सभी अतिथियों, धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.