अखंडनगर में चाकू और कांच की बोतल से गोदकर युवक की हत्या

सुल्तानपुर :  अखंडनगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम हुई खूनी वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। खेत देखने निकले दो दोस्तों को रास्ते में घेरकर हमलावरों ने पहले शराब की कांच की बोतल तोड़कर हमला किया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में जौनपुर जनपद निवासी दिलीप चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त अनिल कुमार सिंह उर्फ सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
खेत देखने निकले थे दोनों दोस्त, रास्ते में घेरकर किया हमला
प्राप्त तहरीर के अनुसार, जौनपुर जनपद के सरपतहां थाना क्षेत्र के बांधगांव निवासी दिलीप चौहान पुत्र नरेंद्र बहादुर चौहान और अनिल कुमार सिंह उर्फ सोनू सोमवार 16 नवंबर की शाम करीब छह बजे अखंडनगर थाना क्षेत्र के सबैली गांव के पास पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों पतजू पहाड़पुर गांव के पास खेत देखने निकले थे। इसी दौरान सैदपुर पुल के पास सैधैली गांव की ओर पहले से मौजूद युवकों ने उन्हें घेर लिया।
पहले शराब की बोतल तोड़ी, फिर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
घायल अनिल के मुताबिक, घटनास्थल पर पहले से कुछ युवक मौजूद थे। उनमें से एक ने अपना नाम शिवम चौहान बताया और कहा कि वह अवनीश से मिलने आया है। आरोप है कि जब दिलीप और अनिल वहां से जाने लगे तो युवकों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने पहले शराब की बोतल तोड़कर हमला किया। दोनों ने बचने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। हमले में दिलीप गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े, जबकि अनिल भी लहूलुहान हो गए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पुणे में टाइल्स लगाने का करते थे काम, भाई की बरीक्षा में शामिल होने आए थे गांव
मृतक दिलीप चौहान पुणे में टाइल्स लगाने का काम करते थे। उनके छोटे भाई विशाल (27) की 14 नवंबर को बरीक्षा का कार्यक्रम था। इसी समारोह में शामिल होने के लिए दिलीप 13 नवंबर को पुणे से अपने गांव आए थे। वर्ष 2023 में उनकी शादी हुई थी। परिवार में पत्नी अनीता, ढाई साल की मासूम बेटी रितिका और दो छोटे भाई विशाल व विकास हैं।
मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया, पत्नी और परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दिलीप चौहान की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। सबसे दर्दनाक स्थिति उनकी ढाई साल की मासूम बेटी रितिका की है, जिसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। जिस उम्र में बच्ची को पिता की गोद और उनके प्यार की सबसे ज्यादा जरूरत है, उसी उम्र में वह पिता के स्नेह से वंचित हो गई। मासूम रितिका को अभी यह भी एहसास नहीं कि उसके पिता अब कभी लौटकर नहीं आएंगे।
पत्नी अनीता की दुनिया उजड़ गई है। जिस घर में कुछ दिन पहले छोटे भाई की बरीक्षा की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिलीप की मौत की खबर गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। ग्रामीणों की आंखें भी परिवार की हालत देखकर नम हो गईं। एक परिवार की खुशियां उजड़ गईं और मासूम बच्ची का भविष्य कई सवालों के बीच खड़ा हो गया।
सीएचसी अखंडनगर में एक को मृत घोषित किया, घायल जिला अस्पताल रेफर
घटना के बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने दिलीप चौहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अनिल कुमार सिंह उर्फ सोनू को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
घटनास्थल पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम
वारदात की जानकारी मिलते ही अखंडनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। नामजद और अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप, पांच नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
मृतक के पिता नरेंद्र बहादुर चौहान ने अखंडनगर थाने में लिखित तहरीर देकर पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। तहरीर में शिवम चौहान पुत्र कन्हैया, शिवम पुत्र नाटे, आरोप पुत्र राजेश, शुभम पुत्र भानू और अवनीश उर्फ AJ पुत्र रामकरन समेत चार अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है। पीड़ित परिवार ने सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्या थी हत्या की वजह, किस रंजिश में गई युवक की जान?
इस वारदात के पीछे की असली वजह को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर ऐसा कौन सा विवाद था, जिसके चलते एक युवक की जान चली गई और दूसरा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है? क्या दोनों पक्षों के बीच पहले से कोई विवाद या पुरानी रंजिश चल रही थी अथवा हमले के पीछे कोई अन्य वजह थी? मृतक के पिता ने पुरानी रंजिश का आरोप लगाया है, हालांकि विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस अभिलेख के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना निरीक्षक धीरेंद्र कुमार वर्मा को सौंपी गई है।
क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पांच नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग, प्रशासन पर टिकी निगाहें
युवक की हत्या के बाद क्षेत्र में आक्रोश और गहरा दुख है। परिजन और ग्रामीण हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह रास्ते में घेरकर चाकू और कांच की बोतल से हमला कर युवक की जान लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। परिवार की मांग है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा न जाए और सभी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाए।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पाती है। पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई और प्रशासन के अगले कदम पर ग्रामीणों एवं पीड़ित परिवार की निगाहें टिकी हुई हैं।
रिपोर्टर :  दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.