पिता की पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों की मदद को आगे आए तीन भाई, 350 लोगों को बांटे कंबल

सुलतानपुर - स्वर्गीय त्रिवेदी प्रसाद दुबे की पुण्यतिथि पर लंभुआ क्षेत्र के  गोपीनाथपुर गांव स्थित ब्रह्मस्थान चौरा बाबा धाम परिसर में कंबल वितरण एवं खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। समाजसेवी राकेश दुबे, विवेक दुबे और दुर्गेश दुबे की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 350 से अधिक जरूरतमंदों को ऊनी कंबल वितरित किए गए। वहीं क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक संभ्रांत लोगों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ चौरा बाबा के पूजन-अर्चन और स्वर्गीय त्रिवेदी प्रसाद दुबे के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों एवं क्षेत्र के सम्मानित लोगों को अंगवस्त्र भेंट किए गए। अंत में जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर खिचड़ी भोज कराया गया।

इस दौरान आयोजक विवेक, दुर्गेश और राकेश दुबे अपनी माता के साथ प्राथमिक विद्यालय गोपीनाथपुर पहुंचे। यहां उन्होंने 120 बच्चों को पठन-पाठन सामग्री व मिष्ठान वितरित की। साथ ही घोषणा की कि विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों और वार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।

विवेक दुबे ने कहा कि उनके पिता का सपना जरूरतमंदों की मदद करना था। वे जीवनभर अपनी सामर्थ्य के अनुसार लोगों की सहायता करते रहे। उनके निधन के बाद तीनों भाइयों ने उनकी पुण्यतिथि पर हर वर्ष सामाजिक आयोजन कर उनके सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। राकेश दुबे ने कहा कि पिता ने उन्हें ईमानदारी, सच्चाई, संस्कार और समाजसेवा के रास्ते पर चलने की सीख दी थी। जरूरतमंदों की सेवा के माध्यम से उनके आदर्शों को जीवित रखने का प्रयास किया जा रहा है। दुर्गेश दुबे ने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। उनका परिवार भविष्य में भी सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों को जारी रखेगा।

इस पहल की क्षेत्र के लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम में राम केवल दुबे, शैलेंद्र दुबे, जितेंद्र शर्मा, ग्राम प्रधान संतोष अग्रहरि, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्रवण अग्रहरि, सोमनाथ दुबे, शिवप्रसाद दुबे, संत राम दुबे और जोखन दुबे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

संवाददाता - वाजिद हुसैन

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.