लम्भुआ में बड़ा सड़क हादसा! बाइक सवार को बचाने में अनियंत्रित कार ट्रक से टकराकर खाई में पलटी
लम्भुआ, सुल्तानपुर : लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पटखौली बाईपास के पास बृहस्पतिवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में कार सवार चालक बाल-बाल बच गया, जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, कार चालक बाइक सवार को बचाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान कार पर से उसका नियंत्रण हट गया और कार डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ पहुंच गई। सामने से आ रहे ट्रक से टकराने के बाद कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव में जुट गए।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस और डायल 112 की टीम
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और डायल 112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायल कार चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। चालक को हल्की चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि इतने भीषण हादसे के बावजूद उसकी जान बच गई।
लखनऊ से बिहार जा रहा था कार चालक
कार चालक की पहचान विनीत सिंह पुत्र स्वर्गीय राम अनुज सिंह, निवासी ग्राम गोपालगंज, बिहार के रूप में हुई है। दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर GJ 15 CL 4039 बताया गया है। जानकारी के मुताबिक, विनीत सिंह लखनऊ से बिहार स्थित अपने घर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी मां लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। वह अस्पताल से निकलकर अपने घर बिहार जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
गनीमत रही कि कार में अकेला था चालक
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार ट्रक से टकराने के बाद खाई में पलट गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था। यदि कार में अन्य लोग भी होते तो हादसा और गंभीर हो सकता था। फिलहाल चालक की जान बचने से परिजनों और परिचितों ने राहत की सांस ली।
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.