मीडिया में मामला उठते ही हरकत में आया वन विभाग, डीएफओ अमित सिंह के संज्ञान के बाद हटा विशाल बबूल का पेड़

भदिला,सुल्तानपुर : ग्राम भदिला स्थित हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान मार्ग से सटी नहर की पटरी पर बरसात के दौरान एक विशाल बबूल का पेड़ गिर जाने से क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था। इसके कारण आसपास के कई गांवों के हजारों क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पैदल राहगीर, स्कूली छात्र-छात्राएं, किसान, मजदूर, महिलाएं, बुजुर्ग, साइकिल, मोटरसाइकिल तथा ट्रैक्टर से आने-जाने वाले लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था।

मार्ग बंद होने से स्कूली बच्चों को विद्यालय पहुंचने में कठिनाई हो रही थी। किसानों के कृषि कार्य प्रभावित हो रहे थे, क्योंकि ट्रैक्टर एवं अन्य कृषि यंत्र खेतों तक नहीं पहुंच पा रहे थे। ग्रामीणों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा था। बरसात के मौसम में यदि किसी मरीज को अस्पताल ले जाना पड़ता या कोई अन्य आपात स्थिति उत्पन्न होती, तो लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता था।
ग्रामीणों द्वारा लगातार सूचना दिए जाने और मीडिया के माध्यम से मामला प्रमुखता से उठाए जाने के बाद इसकी जानकारी वन विभाग तक पहुंची। प्रारंभिक स्तर पर संबंधित क्षेत्र की जानकारी लेकर कर्मचारियों को भेजने की बात कही गई, लेकिन समाचार तैयार किए जाने तक पेड़ नहीं हटाया गया था और मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध रहा, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बनी रही।
इसके बाद मामले की जानकारी सुल्तानपुर के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अमित सिंह तक पहुंचाई गई। डीएफओ अमित सिंह ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को बिना विलंब कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनके निर्देश मिलते ही वन विभाग के रेंजर मोहम्मद जायर ने कर्मचारियों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा।
वन विभाग के कर्मचारी धर्मेंद्र सिंह एवं उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर नहर की पटरी पर गिरे विशाल बबूल के पेड़ को काटकर हटाया और पूरे हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान मार्ग को साफ कराया। इसके बाद पैदल राहगीरों, स्कूली छात्र-छात्राओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, बुजुर्गों, साइकिल, मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर तथा अन्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह सुचारु हो गया।
मार्ग बहाल होने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि डीएफओ अमित सिंह के त्वरित संज्ञान और रेंजर मोहम्मद जायर के निर्देश पर समयबद्ध कार्रवाई होने से हजारों लोगों की समस्या का समाधान हो गया। लोगों ने वन विभाग की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में ऐसी संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई से आम जनता का विभाग पर विश्वास और मजबूत होता है।
ग्रामीणों ने मांग की कि बरसात के मौसम में नहर की पटरियों और मुख्य संपर्क मार्गों का नियमित निरीक्षण कराया जाए तथा जहां भी पेड़ों के गिरने या मार्ग अवरुद्ध होने की संभावना हो, वहां समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी कठिनाइयों का सामना न करना पड़े

रिपोर्टर : दिनेश ठाकुर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.