स्वास्थ्य विभाग की पहल: दोस्तपुर ब्लॉक सभागार में सेवा संकल्प अभियान, 49 मरीजों को मिलीं स्वास्थ्य सेवाएं
दोस्तपुर : केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 5 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दोस्तपुर ब्लॉक सभागार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दोस्तपुर की मेडिकल टीम द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं क्षेत्रीय लोगों को एक ही स्थान पर आवश्यक प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना, गंभीर बीमारियों की समय से पहचान करना तथा पात्र लोगों को सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ना है। शिविर में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया।
अभियान के दौरान टीबी स्क्रीनिंग के तहत 16 मरीजों, नेत्र परीक्षण में 15 मरीजों, शुगर जांच में 18 मरीजों तथा ब्लड प्रेशर जांच में 18 मरीजों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा 4 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। स्वास्थ्य शिविर में कुल 49 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।
शिविर में महेंद्र प्रसाद शर्मा (एसटीएस), प्रशांत, धीरेंद्र सिंह, डॉ. रेशमा, वीरेंद्र, आकाश एवं त्राणी फार्मासिस्ट सहित सीएचसी दोस्तपुर की स्वास्थ्य टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। टीम ने लोगों की जांच करने के साथ उन्हें बीमारी से बचाव, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और समय पर उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी।
टीबी स्क्रीनिंग के माध्यम से संभावित मरीजों की पहचान करने पर विशेष जोर दिया गया। वहीं नेत्र परीक्षण के दौरान आंखों से संबंधित समस्याओं की जांच की गई। शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच के जरिए लोगों को अपने स्वास्थ्य की स्थिति के प्रति जागरूक किया गया। पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड से जोड़ने का भी कार्य किया गया, ताकि वे सरकार की स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से अपील की कि किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और समय से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं उपचार कराएं। साथ ही सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का पात्रता के अनुसार लाभ उठाएं।
सेवा संकल्प अभियान 9 अक्टूबर तक जारी रहेगा। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं और उन्हें सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाया जाए।
संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.