विधायक रामकुमार टोप्पो ने किया श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर जीर्णोद्धार कार्य का भूमि पूजन
बतौली : बतौली विकास मंच के तत्वावधान में भटको बतौली स्थित प्राचीन श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ शुक्रवार को श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण के बीच किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक माननीय रामकुमार टोप्पो ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमि एवं शिला पूजन किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीणजन एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भूमि पूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
बतौली विकास मंच एवं श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर निर्माण समिति द्वारा संयुक्त रूप से मंदिर के जीर्णोद्धार, विस्तार एवं सौंदर्यीकरण का संकल्प लिया गया है। प्रस्तावित कार्यों में मंदिर परिसर का विस्तार, बरामदा निर्माण, चहारदीवारी, उद्यान, सड़क, प्रकाश एवं पेयजल जैसी सुविधाओं का विकास शामिल है।
बतौली विकास मंच के अध्यक्ष श्री अशोक कुमार गुप्ता ने अपने स्वागत उद्बोधन में संस्था के उद्देश्यों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए माता- पिता के प्रति आदर सम्मान की भावना सहित नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण समाज की स्थापना, नशामुक्त समाज और धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु संस्था की प्रतिबद्धताओं को दोहराया और समाज के सभी वर्गों के लोगों से विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए योगदान हेतु आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने कहा कि धार्मिक स्थल समाज को एकता, संस्कार और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने मंदिर निर्माण कार्य के लिए बतौली विकास मंच के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनसहयोग से यह मंदिर आने वाले समय में क्षेत्र की आस्था का और बड़ा केंद्र बनेगा,इस हेतु विधायक जी ने हर संभव मदद करने का आश्वासन भी दिया।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर केवल पूजा का स्थान नहीं बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक आस्था का प्रतीक है। निर्माण कार्य में समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की गई है।
कार्यक्रम के अन्त में बतौली विकास मंच की ओर से विधायक जी को संगमरमर की पंचमुखी हनुमान जी की प्रतिमा सम्पूर्ण क्षेत्र के सुख, समृद्धि और विकास की भावना के निमित्त स्मृति स्वरुप भेंट की गई।
इस अवसर पर बतौली विकास मंच के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री जीतेश्वर पाठक, उपाध्यक्ष श्री पूनमचंद गुप्ता,सचिव राजेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष निशांत गुप्ता ‘मोंटी’, सामाजिक चेतना प्रभारी श्री रज्जु राम,भूमि दानदाता श्री शकुन राम,जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नानमणि पैकरा,भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री आशीष गुप्ता,भटको के सरपंच श्री रीवा टोप्पो,उपसरपंच श्री शशांक गुप्ता,समस्त पंचगण सहित बतौली विकास मंच के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य,क्षेत्र के जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु गण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : रिंकू सोनी


No Previous Comments found.