राष्ट्रीय राजमार्ग 43 बना “मौत का हाईवे”
सरगुजा : राष्ट्रीय राजमार्ग 43 एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की भेंट चढ़ गया। मंगारी फैमिली ढाबा के सामने मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार जीजा-साले को सामने से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों युवक सड़क पर 20 मीटर तक घसीटते चले गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 11 बजे अंबिकापुर की ओर से सीतापुर जा रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QC 7296 ने सामने से आ रही बाइक हीरो होंडा HF Deluxe को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि पिकअप का अगला बंपर और नंबर प्लेट सड़क पर टूटकर गिर गया। वहीं बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर तक घसीटते रहे।
इस हादसे में सोनतराई निवासी जितमोहन खैरवार (30 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके जीजा गंगा खैरवार (45 वर्ष), निवासी सुवारपारा गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सीतापुर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि गंगा खैरवार अपने ससुराल से साले जितमोहन के साथ घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। दोनों मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। अचानक हुई इस दोहरी मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
“मौत का मोड़” बन चुका है मंगारी NH-43
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 43 का यह हिस्सा लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। तेज रफ्तार भारी वाहन, लापरवाह ड्राइविंग और प्रशासनिक उदासीनता के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल, पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
हादसे के बाद 1 घंटे तक जाम,
सड़क पर बिखरे पड़े रहे घायल
दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। हादसे के बाद सड़क पर दोनों युवक गंभीर हालत में पड़े रहे। ग्राम वंदना के बीडीसी जगेश्वर अगरिया और ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाकर यातायात बहाल कराया।
फिलहाल पुलिस सड़क पर मिले नंबर प्लेट और वाहन के टूटे हिस्सों के आधार पर फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी हुई है। दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
NH-43 पर आखिर कब थमेगा मौत का तांडव?
रिपोर्टर : रिंकू सोनी


No Previous Comments found.