बतौली महिला एफपीओ की नई पहल, महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का मजबूत मंच
बतौली : ग्राम बतौली में 29 मार्च 2026 को बतौली महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (FPO) द्वारा संचालित विभिन्न व्यावसायिक इकाइयों के उद्घाटन समारोह का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत सरगुजा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्री विनय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ डीएमएमयू श्री नीरज नामदेव, डीपीएम श्री राहुल मिश्रा, डीपीएम श्री संदीप सोनी सहित एफपीओ सदस्य, महिला समूह एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर किया गया। इस दौरान कृषि सामग्री केंद्र, सिलाई-कपड़ा केंद्र एवं किराना दुकान का उद्घाटन सीईओ श्री विनय अग्रवाल, एफपीओ अध्यक्ष, सचिव, संचालक मंडल एवं महिला समूह की प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
उद्घाटन उपरांत सीईओ श्री विनय अग्रवाल ने सभी इकाइयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महिलाओं द्वारा तैयार एवं प्रसंस्कृत उत्पादों जैसे चावल, दाल, साबुन एवं अन्य घरेलू उपयोग की सामग्रियों का अवलोकन किया गया। उन्होंने महिलाओं की मेहनत, लगन एवं उद्यमशीलता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेंगे।
कृषि सामग्री केंद्र के निरीक्षण के दौरान एफपीओ के कार्यों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर बताया गया कि विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर किसानों एवं महिला समूहों को बेहतर सेवाएं, आधुनिक कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री एवं विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
वहीं सिलाई एवं कपड़ा केंद्र के अवलोकन के दौरान अधिकारियों ने महिलाओं के कौशल विकास एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचार ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान कृषि सखी, पशु सखी, पीआरपी एवं अन्य सामुदायिक कार्यकर्ताओं के साथ एफपीओ के संचालन, उत्पादों के विपणन, बाजार से जुड़ाव एवं महिला सदस्यों की आय बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई। अधिकारियों ने संगठन को आत्मनिर्भर एवं मजबूत बनाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
अंत में सभी अतिथियों, अधिकारियों, महिला समूहों, एफपीओ सदस्यों एवं ग्रामीणजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने एवं आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्टर : रिंकू सोनी
No Previous Comments found.