बतौली की बेटी पीहू अग्रवाल बनीं चार्टर्ड अकाउंटेंट, कठिन परिश्रम और लगन से हासिल की बड़ी सफलता
बतौली : सरगुजा जिले के बतौली क्षेत्र की होनहार बेटी पीहू अग्रवाल ने देश की प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) फाइनल परीक्षा उत्तीर्ण कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासन और अटूट आत्मविश्वास के बल पर पीहू ने CA फाइनल का दूसरा समूह (ग्रुप-2) भी सफलतापूर्वक पास कर लिया है। इससे पहले जनवरी 2026 में उन्होंने ग्रुप-1 उत्तीर्ण किया था। दोनों समूहों में सफलता प्राप्त करने के साथ ही उनका चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का सपना साकार हो गया।
पीहू अग्रवाल की प्रारंभिक शिक्षा ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल, सीतापुर में हुई, जहां से उन्हें अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण की सीख मिली। इसके बाद उन्होंने दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), रिसाली से 11वीं एवं 12वीं की पढ़ाई पूरी की। स्कूल शिक्षा के बाद उन्होंने CA बनने का लक्ष्य तय किया और पूरी लगन के साथ इसकी तैयारी में जुट गईं।
CA जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी के लिए पीहू ने ऑनलाइन कक्षाओं का सहारा लिया। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन अध्ययन में स्वतंत्रता तो होती है, लेकिन सफलता के लिए आत्म-अनुशासन और निरंतर आत्म-प्रेरणा की आवश्यकता होती है। कई बार पढ़ाई के दबाव, लंबे सिलेबस और परीक्षा की चुनौतियों के कारण मानसिक तनाव और आत्म-संदेह की स्थिति भी बनी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
पीहू अपनी सफलता का सबसे बड़ा श्रेय अपने पिता निशांत अग्रवाल और माता मनीषा अग्रवाल को देती हैं। उनका कहना है कि कठिन समय में माता-पिता का विश्वास और प्रोत्साहन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बना। परिवार के सहयोग ने उन्हें हर चुनौती का सामना करने और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर बढ़ते रहने की प्रेरणा दी।
उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, समय-समय पर रिवीजन, मॉक टेस्ट और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनकी तैयारी को मजबूत बनाया। अपनी कमियों को पहचानकर उनमें सुधार करना उनकी सफलता का महत्वपूर्ण आधार रहा। पीहू का मानना है कि CA का सफर केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह धैर्य, संघर्ष, आत्मविश्वास और निरंतरता की भी परीक्षा होती है।
सफलता के बाद अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए पीहू ने कहा कि आज उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है कि वर्षों की मेहनत रंग लाई है। "जब मैंने यह यात्रा शुरू की थी, तब यह मंजिल बहुत दूर लगती थी, लेकिन आज नाम के आगे ‘CA’ जुड़ने की खुशी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती।"
भविष्य की योजनाओं को लेकर पीहू ने बताया कि वह कॉर्पोरेट सेक्टर में कार्य कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करना चाहती हैं और अपने ज्ञान व कौशल का उपयोग समाज तथा देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने के लिए करना चाहती हैं।
पीहू अग्रवाल की इस उपलब्धि पर बतौली, सीतापुर और पूरे सरगुजा क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। परिजनों, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
रिपोर्टर : रिंकू सोनी
No Previous Comments found.