बतौली की बेटी प्राची अग्रवाल बनीं चार्टर्ड अकाउंटेंट, क्षेत्र का बढ़ाया मान
बतौली : सरगुजा जिले के बतौली नगर की होनहार बेटी प्राची अग्रवाल ने देश की प्रतिष्ठित एवं कठिन मानी जाने वाली चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार, नगर और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा युवाओं, विशेषकर बेटियों को अपने सपनों को साकार करने की नई प्रेरणा मिली है।
व्यावसायिक परिवार से संबंध रखने वाली प्राची अग्रवाल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शांति विद्या निकेतन, बतौली से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने सीजी ग्लोबल स्कूल, अंबिकापुर एवं ओरिएंटल पब्लिक स्कूल से स्कूली शिक्षा पूरी की। स्नातक की पढ़ाई शासकीय पीजी कॉलेज, अंबिकापुर से बीकॉम विषय में पूर्ण करने के बाद उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंसी की तैयारी प्रारंभ की।
प्राची ने सीए फाउंडेशन एवं सीए इंटरमीडिएट की तैयारी घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से पूरी की, जबकि सीए फाइनल की तैयारी और आर्टिकलशिप रायपुर में रहकर की। जनवरी 2026 में उन्होंने सीए फाइनल के प्रथम ग्रुप में सफलता प्राप्त की थी। हाल ही में घोषित परिणाम में दूसरे ग्रुप में भी सफलता हासिल कर उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का सपना साकार कर लिया। दूसरे ग्रुप में उन्होंने 177 अंक प्राप्त किए।
प्राची के पिता अनिमेष अग्रवाल क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यवसायी हैं। उनकी इस सफलता के पीछे परिवार का विशेष सहयोग रहा। प्राची ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, दादाजी राकिकेश अग्रवाल, परिवारजनों, दादाजी नवीन अग्रवाल, चाचा अभिषेक अग्रवाल, तथा मार्गदर्शक प्रवीण मित्तल (इनकम टैक्स कंसल्टेंट) को दिया है।
प्राची का कहना है कि "सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर अध्ययन, धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।"
प्राची अग्रवाल की इस शानदार उपलब्धि पर क्षेत्र के नागरिकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक वर्ग एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
रिपोर्टर : रिंकू सोनी
No Previous Comments found.