बॉक्साइट सर्वे पर ग्रामीणों की सहमति को दी प्राथमिकता, सड़क, पानी, बिजली और शिक्षा पर लिए अहम फैसले
सरगुजा : सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत एवं जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल ने जनपद पंचायत बतौली अंतर्गत ग्राम पंचायत गोविंदपुर एवं मूर्ताडाड़ का व्यापक दौरा कर क्षेत्र की जमीनी समस्याओं का निरीक्षण किया। ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मौके पर ही निर्णय लिए गए और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
दौरे का सबसे अहम विषय गोविंदपुर में प्रस्तावित बॉक्साइट सर्वे रहा। ग्रामीणों की आपत्तियों और सुझावों को सुनने के बाद कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीणों की अनुशंसा एवं सहमति के आधार पर ही आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सेदम से मूर्ताडाड़ तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की 9.50 किलोमीटर सड़क की जर्जर स्थिति सामने आई। कलेक्टर ने बरसात के बाद तत्काल मरम्मत एवं निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।
नल-जल योजना बंद होने से उत्पन्न पेयजल संकट पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए। वहीं सेदम से मूर्ताडाड़ तक लगातार खराब रहने वाली विद्युत आपूर्ति में सुधार के लिए बिजली विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
चिपरकाया के बारवाबोदर आंगनबाड़ी केंद्र के गलत स्थान पर किए गए निर्माण का निरीक्षण करने के बाद उसे निरस्त करने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर ने सामुदायिक भवन को आंगनबाड़ी संचालन हेतु चयनित करने तथा बारवाबोदर में नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण के लिए जनपद पंचायत सीईओ को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए सेमरिया से फगनाडीहारी तक 6 किलोमीटर सड़क निर्माण को पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही सभी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को शीघ्र दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र, पहाड़ी कोरवा छात्रावास तथा गोविंदपुर के पीडीएस उचित मूल्य दुकान का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
कलेक्टर के इस दौरे से क्षेत्र के ग्रामीणों में लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है। अब सभी की निगाहें प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासनों और निर्देशों के समयबद्ध क्रियान्वयन पर टिकी हैं।
रिपोर्टर : रिंकू सोनी
No Previous Comments found.