एग्रीस्टैक में छूटे सभी खसरों का जल्द कराएं सत्यापन, धान विक्रय में नहीं होगी परेशानी
बतौली, सरगुजा : आगामी धान खरीदी को ध्यान में रखते हुए तहसील बतौली द्वारा किसानों से महत्वपूर्ण अपील जारी की गई है। तहसील प्रशासन ने कहा है कि जिन किसानों का एग्रीस्टैक कार्य हो चुका है, वे यह अवश्य सुनिश्चित करें कि उनके नाम दर्ज सभी खसरों का एग्रीस्टैक पूर्ण हुआ है या नहीं। यदि किसी किसान का एक भी खसरा छूट गया है, तो उसका भी तत्काल एग्रीस्टैक कराया जाए।
तहसील प्रशासन के अनुसार, अब तक 11,250 किसानों का एग्रीस्टैक कार्य किया जा चुका है। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कई किसानों ने अपने सभी खसरों का सत्यापन नहीं कराया, जिसके कारण उनके प्रकरण "बकेट क्लेम" में चले गए हैं। ऐसे मामलों में रिकॉर्ड अधूरा रहने से भविष्य में धान उपार्जन सहित अन्य कृषि सेवाओं का लाभ लेने में तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एग्रीस्टैक की प्रक्रिया तभी पूर्ण मानी जाएगी, जब किसान के नाम दर्ज सभी खसरों का विवरण पोर्टल पर अपडेट हो। यदि एक भी खसरा छूट जाता है, तो उसे भी अनिवार्य रूप से जोड़ना होगा।
संयुक्त खातों (Joint Account) के संबंध में भी तहसील प्रशासन ने विशेष निर्देश जारी किए हैं। यदि किसी खाते में एक से अधिक खाताधारक हैं, तो सभी खाताधारकों के सभी खसरों का एग्रीस्टैक कराना अनिवार्य है। किसी एक खाताधारक या कुछ खसरों का कार्य पूरा होने से प्रक्रिया पूर्ण नहीं मानी जाएगी।
तहसील प्रशासन ने बताया कि जिन किसानों के खसरे अभी शेष हैं, उनकी ग्रामवार सूची संबंधित पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक (REO) के पास उपलब्ध है। आवश्यकता होने पर पटवारी एवं REO छूटे हुए खसरों को जोड़ने (Add) की प्रक्रिया भी करा सकते हैं। किसान अपने क्षेत्र के पटवारी, REO अथवा निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से संपर्क कर अपने सभी खसरों का एग्रीस्टैक शीघ्र पूर्ण कराएं।
तहसील बतौली ने सभी किसानों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और अपने सभी खसरों का सत्यापन एवं एग्रीस्टैक कार्य समय पर पूरा कराएं, ताकि आगामी धान खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा या असुविधा का सामना न करना पड़े।
रिपोर्टर : रिंकू सोनी
No Previous Comments found.