फर्जी केसीसी ऋण व आत्महत्या प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग

सरगुजा : केरजू प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में सामने आए कथित फर्जी केसीसी ऋण प्रकरण एवं तत्कालीन समिति प्रबंधक स्वर्गीय दिनेश गुप्ता की आत्महत्या मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस द्वारा पेटला सहकारी बैंक के तत्कालीन प्रबंधक भूपेंद्र सिंह परिहार सहित अन्य के विरुद्ध अपराध दर्ज किए जाने के बाद भाजपा किसान मोर्चा ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष एवं व्यापक जांच की मांग उठाई है। इस संबंध में भाजपा किसान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने सीतापुर एसडीओपी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनिल निराला ने कहा कि यदि जांच में करोड़ों रुपये के कथित फर्जी केसीसी ऋण स्वीकृत एवं वितरित होने के तथ्य सामने आए हैं, तो कार्रवाई केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला रजिस्ट्रार, संबंधित सुपरवाइजर तथा ऋण स्वीकृति एवं निगरानी से जुड़े सभी अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की जाए।
उन्होंने कहा कि ऋण स्वीकृति से जुड़े अभिलेख, लोन अप्रूवल रजिस्टर, ऑडिट रिपोर्ट, डिजिटल अनुमोदन रिकॉर्ड तथा विभागीय पत्राचार की गहन जांच कर वास्तविक जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही, मिलीभगत अथवा कर्तव्य में चूक हुई है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजपा किसान मोर्चा ने यह भी मांग की कि स्वर्गीय दिनेश गुप्ता की आत्महत्या के कारणों, उन पर किसी प्रकार के मानसिक दबाव अथवा अनियमितताओं को छिपाने के प्रयास जैसे पहलुओं की भी निष्पक्ष जांच की जाए। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मोर्चा ने कहा कि यह मामला केवल वित्तीय अनियमितता का नहीं, बल्कि किसानों के नाम पर हुए कथित फर्जीवाड़े और सरकारी योजनाओं के दुरुपयोग से जुड़ा गंभीर विषय है। इसलिए प्रभावित किसानों को न्याय, स्वर्गीय दिनेश गुप्ता के परिजनों को न्याय तथा पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए उच्च स्तरीय जांच आवश्यक है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो भाजपा किसान मोर्चा किसानों के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

रिपोर्टर : रिंकू सोनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.