जनपद पंचायत बतौली में गरिमामय माहौल में मनाया गया सीईओ लक्ष्मी नारायण सिदार का जन्मदिन

सरगुजा :  जनपद पंचायत बतौली कार्यालय में सोमवार को आत्मीयता, सम्मान और उत्साह के साथ जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) लक्ष्मी नारायण सिदार का जन्मदिन तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) चंद्रभान सिंह का सेवा नियुक्ति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जनपद कार्यालय का माहौल उत्सवमय रहा और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनपद सदस्य, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा आरईएस विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, सफल एवं दीर्घ कार्यकाल की कामना की। इस दौरान केक काटकर खुशियां साझा की गईं और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया गया।
मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने अपने संबोधन में कहा कि सीईओ लक्ष्मी नारायण सिदार के नेतृत्व में जनपद क्षेत्र में विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं एसडीओ चंद्रभान सिंह द्वारा ग्रामीण अधोसंरचना एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की गई।
इस अवसर पर सभी ने दोनों अधिकारियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासनिक कार्यों में उनकी कार्यशैली, सरल व्यवहार एवं जनहित के प्रति समर्पण प्रेरणादायक है। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में विकास कार्यों को आगे भी गति मिलेगी और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में दोनों अधिकारियों ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सरपंचों, सचिवों एवं रोजगार सहायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद क्षेत्र के विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनसेवा के लिए सभी के सहयोग से आगे भी पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाएगा।
समारोह सौहार्दपूर्ण एवं पारिवारिक वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की।

रिपोर्टर : रिंकु सोनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.