26वें छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के चार खिलाड़ियों ने किया सरगुजा का प्रतिनिधित्व
सरगुजा : छत्तीसगढ़ स्कूल गेम्स द्वारा आयोजित 26वें राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सरगुजा जिले के बतौली स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 15 जुलाई 2026 तक रायपुर में किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के चार खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था। इनमें अंडर-17 बालिका वर्ग से निर्जलर्जा पैकरा (कक्षा 10वीं) तथा अंडर-19 बालक वर्ग से खितेश कुमार सिंह, आशुतोष सिंह पैकरा एवं सत्यार्थ प्रकाश सिंह (कक्षा 12वीं) ने सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व किया।
कड़े मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से सत्यार्थ प्रकाश सिंह ने अंडर-19 बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, बतौली और पूरे सरगुजा जिले में खुशी का माहौल है।
इस सफलता का श्रेय विद्यालय के व्यायाम शिक्षक तौकीर रजा को भी दिया जा रहा है, जिनके कुशल मार्गदर्शन, नियमित प्रशिक्षण और मेहनत ने खिलाड़ियों को राज्य स्तर तक पहुंचाया। प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां प्राचार्य राजेश गुप्ता ने सभी खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय खेल प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है और भविष्य में यही खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर सरगुजा एवं छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर जिले का नाम और ऊंचा करेंगे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
रिपोर्टर : रिंकू सोनी
No Previous Comments found.