बिस्तर में छिपा था मौत का करैत, बतौली की महिला सरपंच को डसा

सरगुजा : ग्राम पंचायत बतौली की वर्तमान महिला सरपंच श्रीमती जगरमती पैंकरा (लगभग 45 वर्ष) की करैत सांप के डसने से उपचार के दौरान मौत हो गई। रात के अंधेरे में हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे बतौली क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। सरपंच की आकस्मिक मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में लोग शोकाकुल परिवार के घर पहुंचने लगे।

जानकारी के अनुसार जगरमती पैंकरा गुरुवार रात भोजन करने के बाद घर में जमीन पर बिछे बिस्तर पर सोई थीं। करीब रात 10 बजे सोने के बाद लगभग 2 बजे अचानक उनके पेट में तेज दर्द हुआ और उल्टियां होने लगीं। शुरुआत में परिजन इसे सामान्य स्वास्थ्य समस्या समझ रहे थे। लेकिन हालत लगातार बिगड़ने पर सर्पदंश की आशंका हुई।
परिजनों ने तत्काल बिस्तर और आसपास छानबीन शुरू की। ऊपर का बिस्तर हटाकर देखने पर उसमें करैत सांप दिखाई दिया। सांप देखते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल जगरमती पैंकरा को लेकर करीब 3 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचे।
हर मिनट था अहम, अंबिकापुर रेफर के बाद नहीं बच सकी जान
स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार अंबिकापुर में उपचार के दौरान सुबह करीब 6 बजे उनकी मौत हो गई।
सर्पदंश के मामले में बेहद कम समय में मरीज की हालत गंभीर होने के कारण घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में तत्काल प्रभावी उपचार, एंटी-स्नेक वेनम सहित जरूरी आपातकालीन सुविधाओं की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण होती है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले की वास्तविक स्थिति और स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की जानी चाहिए।
 पूर्व मंत्री अमरजीत भगत की संवेदनशील पहल
 पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ ने मामले की जानकारी लेकर संज्ञान लिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से घटनाक्रम और बतौली स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध उपचार व्यवस्था की जानकारी ली जा रही है। सर्पदंश जैसे मामलों में आपातकालीन उपचार व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत भी सामने आई है।
सरपंच जगरमती पैंकरा के निधन की सूचना मिलते ही पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने मामले की जानकारी ली और घटना को गंभीरता से लेते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। बताया गया कि उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य व्यवस्था एवं उपचार की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सहयोग के लिए पहल की।
अमरजीत भगत पोस्टमार्टम स्थल/जिला अस्पताल पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए दिवंगत सरपंच को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जगरमती पैंकरा का असमय निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर जताया शोक
सरपंच के निधन की खबर से क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी अस्पताल एवं पोस्टमार्टम स्थल पहुंचे। इस दौरान उपसरपंच हरि गुप्ता, राजेंद्र पैंकरा, पूर्व सरपंच हिंदलाल पैंकरा सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत सरपंच को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद दिवंगत सरपंच का पार्थिव शरीर बतौली लाया जा रहा है। 
जगरमती पैंकरा अपने पीछे पति विशून सिंह सहित परिवार को छोड़ गई हैं। एक निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि की अचानक हुई मौत से ग्राम पंचायत बतौली ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

रिपोर्टर : रिंकू सोनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.