बिजली मुद्दे पर भाजपा सरकार पर बरसे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरविंद गुप्ता
बतौली : बिजली बिलों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में आयोजित कांग्रेस के हल्लाबोल आंदोलन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरविंद गुप्ता ने भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिजली आम जनता के जीवन की मूलभूत जरूरत है, लेकिन सरकार की नीतियों के कारण आम उपभोक्ता बढ़ते बिजली बिलों से परेशान हैं।
अरविंद गुप्ता ने कहा कि सरकार को जनता की परेशानी समझते हुए बिजली व्यवस्था में पारदर्शिता लानी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब आम परिवार पहले से महंगाई की मार झेल रहा है, तो बिजली के बढ़ते बिलों का अतिरिक्त बोझ उस पर क्यों डाला जा रहा है?
उन्होंने स्मार्ट मीटर को लेकर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। गुप्ता ने कहा कि उपभोक्ताओं की आशंकाओं को दूर किए बिना किसी भी योजना को थोपना उचित नहीं है। कांग्रेस जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर चुप बैठने वाली नहीं है और जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता के अहंकार में जनता की आवाज को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बिजली का मुद्दा सीधे गरीब, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों से जुड़ा है। सरकार को आरोप-प्रत्यारोप के बजाय उपभोक्ताओं को राहत देने के ठोस कदम उठाने चाहिए।
अरविंद गुप्ता ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर बिजली सहित आम लोगों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज दबाने से नहीं, सुनने और समाधान करने से सरकार की जिम्मेदारी पूरी होती है।
रिपोर्टर : रिंकू सोनी
No Previous Comments found.