नवरात्र से पहले रोशन होगा बतौली, रोडसाइड और स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तेज

सरगुजा :  नवरात्र एवं आगामी त्योहारों को देखते हुए बतौली क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर चिरंगा मोड़ से शांतिपारा तक करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में बंद पड़ी लगभग 170 रोडसाइड लाइटों को 24 घंटे के भीतर सुधारने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं ग्राम पंचायत क्षेत्र की स्ट्रीट लाइटों की भी जांच और मरम्मत का कार्य जारी है।जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू हरी गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर राष्ट्रीय राजमार्ग की प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित विभागीय अमले को खराब लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद विभाग की टीम सुधार कार्य में जुट गई है।

बताया गया कि चिरंगा मोड़ से शांतिपारा तक करीब 170 रोडसाइड लाइटें पिछले लगभग दो माह से बंद थीं। कहीं तार कटने तो कहीं तकनीकी खराबी के कारण प्रकाश व्यवस्था प्रभावित थी। नवरात्र के दौरान आवागमन बढ़ने को देखते हुए इसे गंभीरता से लिया गया है।राष्ट्रीय राजमार्ग की रोडसाइड लाइटों के ठेकेदार बबलू यादव भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि टीम द्वारा खराब लाइटों को चिह्नित कर सुधार किया जा रहा है और जल्द ही अधिकांश लाइटों को चालू करने का प्रयास है। रोडसाइड लाइट में खराबी की सूचना देने के लिए 9617294948 नंबर भी जारी किया गया है।

ग्राम पंचायत की स्ट्रीट लाइटों पर भी निगरानी
वहीं ग्राम पंचायत क्षेत्र में लगी स्ट्रीट लाइटों की स्थिति को लेकर भी पंचायत स्तर पर मरम्मत कार्य जारी है। उपसरपंच हरी गुप्ता ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में करीब 80 प्रतिशत स्ट्रीट लाइटें वर्तमान में चालू हैं। खराब लाइटों की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों के माध्यम से मरम्मत कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि पंचायत क्षेत्र की अंदरूनी सड़कों पर लगी स्ट्रीट लाइटों की नियमित निगरानी की जा रही है तथा लगभग 15 दिन के अंतराल में रखरखाव और मरम्मत का कार्य भी किया जाता है। बरसात के दौरान तार और विद्युत उपकरणों में आई खराबी के कारण कुछ स्थानों पर समस्या हुई थी, जिसे अब प्राथमिकता से ठीक कराया जा रहा है।

लुचकी घाट और बड़े पुल पर भी प्रकाश व्यवस्था बढ़ाने की तैयारी
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के कुछ हिस्सों में सड़क के गड्ढों की समस्या का मुद्दा भी अधिकारियों के सामने रखा गया। विभाग की ओर से मरम्मत का आश्वासन दिया गया है। वहीं लुचकी घाट और बड़े पुल फ्लाईओवर पर रोडसाइड लाइटों के विस्तार के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजे जाने की जानकारी दी गई।

राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के कार्यपालन अभियंता बसंत खाखा ने बताया कि बतौली क्षेत्र में रोडसाइड लाइटों की समस्या की जानकारी मिलने के बाद कर्मचारियों को मौके पर भेजकर सुधार कार्य शुरू करा दिया गया है। बंद पड़ी लाइटों को 24 घंटे के भीतर दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सड़क के गड्ढों की मरम्मत तथा लुचकी घाट और बड़े पुल पर प्रकाश व्यवस्था के विस्तार के लिए प्रस्ताव भेजे जाने की भी जानकारी दी।

रिपोर्टर : रिंकु सोनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.