स्वरा भास्कर के आयोध्या बयान पर भड़के ये ,डायरेक्टर कहा- ‘आपको इतिहास का पाठ पढ़ाएंगे’
AKANSHA UPADHYAY
बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर एक बार फिर अपने पुराने बयान को लेकर चर्चा में हैं। 2019 के अयोध्या राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर स्वरा ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपने अनुभव साझा किए। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। इसी बीच फिल्ममेकर कामाख्या नारायण सिंह ने स्वरा भास्कर को टैग करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है।
बता दें कि एक इंटरव्यू में स्वरा भास्कर ने अपने पति फहाद अहमद के साथ अपनी लव स्टोरी के बारे में बात करते हुए 2019 के सुप्रीम कोर्ट के अयोध्या फैसले का भी जिक्र किया। स्वरा के मुताबिक, उस फैसले के बाद वह काफी दुखी और परेशान हुई थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें यह फैसला गलत और अन्यायपूर्ण लगा था।स्वरा ने बताया कि एक हिंदू होने के नाते उस समय उन्हें शर्मिंदगी महसूस हुई। इसी भावना के चलते उन्होंने अपनी फोनबुक में मौजूद मुस्लिम दोस्तों और परिचितों को मैसेज करके माफी मांगी थी। उन्होंने आमिर खान, सलमान खान और अपने पति फहाद अहमद समेत कई मुस्लिम कॉन्टेक्ट्स को संदेश भेजे थे।
स्वरा के मुताबिक, कुछ लोगों ने उनके मैसेज का जवाब देते हुए कहा था कि सब ठीक है और उन्हें इस तरह माफी मांगने की जरूरत नहीं है।अब वहीं स्वरा के इस बयान पर 'श्री राम भूमि ' के डायरेक्टर कामाख्या नारायण सिंह ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्वरा को टैग करते हुए लिखा कि श्री राम जन्मभूमि का फैसला भारत और हिंदू समाज के लिए एक ऐतिहासिक क्षण था। इसके आगे उन्होंने कहा कि वह इस महत्वपूर्ण अध्याय पर आधारित एक फिल्म लेकर आ रहे हैं और स्वरा को उसके प्रीमियर में आमंत्रित करेंगे। अपने पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “आपको इतिहास का पाठ पढ़ाएंगे।”कामाख्या नारायण सिंह की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर एक नई बहस शुरू हो गई है। उनके समर्थक जहां इसे स्वरा के बयान का जवाब बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर कुछ लोग इस पूरे विवाद को लेकर अलग-अलग राय जाहिर कर रहे हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि नवंबर 2019 में सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या भूमि विवाद पर अपना फैसला सुनाया था। अदालत ने विवादित 2.77 एकड़ भूमि राम मंदिर निर्माण के लिए ट्रस्ट को देने का निर्देश दिया था। साथ ही मुस्लिम पक्ष को अयोध्या में पांच एकड़ वैकल्पिक भूमि देने का आदेश दिया गया था। वहीँ कामाख्या नारायण सिंह ‘भोर’ और ‘द केरला स्टोरी 2’ से जुड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स के लिए चर्चा में रहे हैं। वह ‘श्री राम भूमि’ नाम की फिल्म का निर्देशन भी कर रहे हैं। स्वरा भास्कर के बयान और कामाख्या नारायण सिंह की प्रतिक्रिया ने एक बार फिर अयोध्या फैसले और सिनेमा से जुड़े मुद्दों पर सोशल मीडिया की चर्चा को तेज कर दिया है।
No Previous Comments found.