UP में स्वाइन फ्लू ने बढ़ाई चिंता, ब्रजेश पाठक ने दिए अलर्ट रहने के निर्देश

उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली...कहीं बारिश, कहीं तेज धूप और फिर उमस भरी गर्मी...और इसी बदलते मौसम के बीच अब H1N1 यानी स्वाइन फ्लू ने भी चिंता बढ़ा दी है। जी हां देश के कई हिस्सों में H1N1 के मामले बढ़ने की खबरों के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। 

मेरठ में पिछले कुछ दिनों में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आए हैं, वहीं वायरल बुखार और फ्लू जैसे लक्षणों वाले मरीजों की संख्या में भी इजाफा देखने को मिल रहा है। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते मामलों के बीच मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे शहरों में भी स्वास्थ्य विभाग की नजर बनी हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। 

वहीं यूपी के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने पूरे प्रदेश में निगरानी व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में संदिग्ध और संक्रमित मरीजों की निगरानी से लेकर जांच, दवा और इलाज तक की व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करने को कहा गया है। ब्रजेश पाठक ने कहा है कि प्रदेश के अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं और स्वास्थ्य विभाग किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। 

अस्पतालों में जरूरी दवाओं, जांच और उपचार की सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मरीजों को इलाज के लिए किसी तरह की परेशानी न हो। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जिलों से मिलने वाली सूचनाओं की समीक्षा की जा रही है और जरूरत के मुताबिक स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा। 

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रदेशवासियों से साफ कहा है कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह और अनावश्यक डर से बचने की अपील की है। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय रहते डॉक्टर से सलाह लेने को कहा गया है। जाहिर है स्वाइन फ्लू ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता जरूर बढ़ाई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन साफ है कि आने वाले दिनों में निगरानी बेहद अहम रहने वाली है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.