साड़ी में रोबोट ने किया वोटर्स का स्वागत, तमिलनाडु चुनाव में दिखा अनोखा अंदाज़

तमिलनाडु में चल रहे विधानसभा चुनावों के बीच एक पोलिंग बूथ पर कुछ ऐसा देखने को मिला, जिसने लोगों को हैरान भी किया और आकर्षित भी। यहां साड़ी पहने एक रोबोट मतदाताओं का स्वागत करता नजर आया। यह रोबोट सिर्फ लोगों का अभिवादन ही नहीं कर रहा था, बल्कि उन्हें मिठाई देकर मतदान के लिए उत्साहित भी कर रहा था। ‘टीना’ नाम का यह रोबोट पूरे चुनावी माहौल में एक नया आकर्षण बन गया।

इस अनोखे रोबोट को कोयंबटूर के एक सरकारी कॉलेज के छात्रों ने तैयार किया है। इसका मकसद लोगों में वोट डालने को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। टीना मतदाताओं को कतार में लगने, प्रक्रिया समझने और अपने अधिकार का सही तरीके से इस्तेमाल करने के लिए भी मार्गदर्शन देती है। इसे बनाने वाले छात्रों ने इसमें वॉइस कम्युनिकेशन और रिमोट कंट्रोल तकनीक का इस्तेमाल किया है, जिससे यह लोगों से संवाद कर पाता है।

इस पहल के पीछे सोच यह है कि ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान में भाग लें। इसी उद्देश्य से ऐसे दो रोबोट अलग-अलग बूथों पर तैनात किए गए हैं, ताकि लोगों का ध्यान खींचा जा सके और वे मतदान के प्रति प्रेरित हों।

यह पहल दिखाती है कि तकनीक का इस्तेमाल सिर्फ काम आसान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने और लोकतंत्र को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभा सकता है।

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.