लखनऊ में आग का तांडव: धुएं में घिरी इमारत, जान बचाने को छतों से कूदे छात्र, 12 की मौत
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया इलाके में एक दुकान में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के ऊपर चल रहे कोचिंग सेंटर तक पहुंच गई और वहां मौजूद छात्र-छात्राएं समेत कई लोग इमारत में फंस गए।देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं और आग की लपटों से घिर गई। अंदर फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात इतने भयावह हो गए कि कई छात्र अपनी जान बचाने के लिए छज्जों और छतों तक पहुंच गए, जबकि कुछ को ऊंचाई से छलांग लगाने पर मजबूर होना पड़ा।
इस दर्दनाक हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
धुएं के गुबार के बीच चला जिंदगी बचाने का संघर्ष
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के कुछ ही मिनटों में पूरा भवन धुएं के घने गुबार में तब्दील हो गया। कोचिंग सेंटर में छात्रों के फंसे होने की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कई छात्रों और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया।
फायर ब्रिगेड और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने और फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया, जबकि राहत और बचाव कार्य देर तक जारी रहा।
प्रशासनिक अमला मौके पर, डीएम ने संभाली कमान
हादसे की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी करते हुए अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है और हर किसी की निगाहें जांच रिपोर्ट तथा राहत कार्यों पर टिकी हैं
No Previous Comments found.