UPPCL की सलाह: ‘Unplug At Night’ अपनाएं, घट सकती है बिजली की खपत
अगर आपका बिजली बिल हर महीने अनुमान से ज्यादा आ रहा है, तो इसकी वजह सिर्फ पंखे, एसी या दूसरे बड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं हो सकते। आपके घर में लगे छोटे-छोटे डिवाइस भी लगातार बिजली की खपत कर सकते हैं। खासकर वे उपकरण जो इस्तेमाल न होने के बावजूद सॉकेट में प्लग रहते हैं।
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने बिजली बचाने के लिए लोगों को एक आसान तरीका अपनाने की सलाह दी है—रात में गैर-जरूरी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को अनप्लग कर दें। विभाग ने इसके लिए ‘Charge It Right, Unplug At Night’ का मंत्र दिया है।
रात में इन डिवाइस का प्लग निकालना न भूलें
सोने से पहले सबसे पहले मोबाइल चार्जर और दूसरे अडैप्टर चेक करें। फोन फुल चार्ज हो चुका है तो चार्जर को सॉकेट में लगा छोड़ने के बजाय निकाल दें। इसी तरह, अगर रात में राउटर की जरूरत नहीं है, तो उसका अडैप्टर भी अनप्लग किया जा सकता है।
टीवी, माइक्रोवेव, चिमनी और गीजर जैसे उपकरण भी अगर रात में इस्तेमाल नहीं होने वाले हैं, तो उन्हें जरूरत के हिसाब से प्लग से अलग किया जा सकता है। हालांकि, फ्रिज जैसे उपकरणों को अनप्लग नहीं करना चाहिए, क्योंकि उन्हें लगातार बिजली की जरूरत होती है।
Standby Mode भी करता है बिजली की खपत
आपको लग सकता है कि कोई डिवाइस बंद है तो वह बिजली कैसे खर्च कर सकता है। लेकिन कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह पावर ऑफ होने के बजाय Standby Mode में चले जाते हैं। इस दौरान वे थोड़ी मात्रा में बिजली लेते रहते हैं।
एक अकेले चार्जर या डिवाइस की यह खपत बहुत कम हो सकती है, लेकिन घर में ऐसे कई उपकरण हों और वे महीनों तक प्लग में लगे रहें, तो कुल खपत बढ़ सकती है। यही वजह है कि रात में गैर-जरूरी डिवाइस को अनप्लग करना बिजली बचाने का आसान तरीका माना जाता है।
बिजली के साथ डिवाइस की भी बच सकती है लाइफ
रात में प्लग निकालने का फायदा सिर्फ बिजली की बचत तक सीमित नहीं है। लगातार चार्जिंग, गर्मी और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और उनके अडैप्टर प्रभावित हो सकते हैं।
गर्मियों में बिजली के लोड और पावर फ्लक्चुएशन की स्थिति में गैर-जरूरी डिवाइस को प्लग से अलग रखना एक अतिरिक्त सावधानी हो सकती है। इससे उपकरणों को अनावश्यक इलेक्ट्रिकल स्ट्रेस से बचाने में मदद मिल सकती है।
कितनी हो सकती है बचत?
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू बिजली खपत का करीब 5 से 10 फीसदी हिस्सा Standby Power में जा सकता है। गैर-जरूरी डिवाइस को अनप्लग करने से सालाना 100 से 300 यूनिट तक बिजली बचने का अनुमान बताया गया है।
चार्जर और अडैप्टर जैसे छोटे डिवाइस रातभर सॉकेट से बाहर रखने पर हर महीने करीब 3 से 10 यूनिट तक की बचत हो सकती है। वहीं कुछ हैवी डिवाइस को जरूरत के मुताबिक अनप्लग करने पर 5 से 7 यूनिट तक मासिक बचत का अनुमान है।
रात में करें 30 सेकंड का Power Check
सोने से पहले घर में एक छोटा-सा ‘Power Check’ करने की आदत डालें। देखें कि कौन-सा चार्जर, अडैप्टर या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस रातभर बिना इस्तेमाल के प्लग में लगा है। जो जरूरी नहीं है, उसे अनप्लग कर दें।
हो सकता है कि यह एक रात में आपके बिल में बड़ा बदलाव न दिखाए, लेकिन रोजाना की यही छोटी आदत लंबे समय में बिजली की खपत कम करने में मदद कर सकती है।
No Previous Comments found.