CCTV कैमरा: घर की सुरक्षा या आपकी जासूसी?
आज के दौर में घर हो, दुकान हो या ऑफिस—सुरक्षा के लिए CCTV कैमरा लगाना लगभग आम जरूरत बन चुका है। खासकर Wi-Fi और SIM से चलने वाले स्मार्ट कैमरों ने निगरानी को बेहद आसान बना दिया है। अब कैमरे के सामने होने की जरूरत नहीं। आप घर से बाहर हैं, दूसरे शहर में हैं या विदेश में बैठे हैं, सिर्फ मोबाइल में ऐप खोलिए और अपने घर की LIVE तस्वीर अपनी स्क्रीन पर देख लीजिए। लेकिन यहीं से एक बड़ा सवाल भी खड़ा होता है—अगर आप अपने कैमरे को कहीं से भी एक्सेस कर सकते हैं, तो क्या कोई दूसरा भी आपके कैमरे तक पहुंच सकता है?यह सवाल इसलिए भी गंभीर है क्योंकि 2026 में इंटरनेट और SIM से चलने वाले कैमरों से जुड़े कई मामले जांच एजेंसियों के सामने आए। इन मामलों में ऐसे कैमरों का इस्तेमाल संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने के लिए किए जाने की बात सामने आई। यानी जिस CCTV को हमने सुरक्षा का पहरेदार समझकर घर के बाहर लगाया, वही अगर साइबर सुरक्षा के लिहाज से कमजोर है तो वह हमारी प्राइवेसी के लिए खतरा भी बन सकता है।
पंजाब में छह महीनों के दौरान ऐसे कैमरों से जुड़े पांच मामले दर्ज किए गए। इनमें से एक मामले में 22 लोगों की गिरफ्तारी हुई। जांच के दौरान कैमरे, SIM कार्ड, मोबाइल फोन, राउटर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट बरामद किए गए। अलग-अलग जिलों में आठ FIR दर्ज किए जाने की जानकारी भी सामने आई।
लेकिन मामला तब और गंभीर नजर आता है जब CCTV कैमरों के जरिए संवेदनशील इलाकों की निगरानी के आरोप सामने आते हैं। मार्च 2026 में गाजियाबाद में एक नेटवर्क का मामला सामने आया। जांच में आरोप लगाया गया कि दिल्ली कैंट और सोनीपत रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थानों पर कैमरे लगाए गए थे और इनके जरिए सेना की आवाजाही, संवेदनशील जानकारी तथा गतिविधियों की LIVE तस्वीरें पाकिस्तान भेजी जा रही थीं। जांच में कश्मीर तक करीब 50 कैमरे लगाने की योजना की बात भी सामने आई। इसके बाद पंजाब में भी SIM वाले कैमरों से जुड़ा मामला सामने आया, जहां आर्मी इलाकों के आसपास कैमरे लगाए जाने और उनकी तस्वीरें सीमा पार भेजे जाने का आरोप लगा।
इन घटनाओं के बाद यह समझना जरूरी है कि आखिर CCTV कैमरे में ऐसा क्या है, जो उसे साइबर अपराधियों के लिए निशाना बना सकता है।
साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट मुकेश चौधरी के मुताबिक कैमरा खरीदते समय सिर्फ उसकी पिक्चर क्वालिटी, स्टोरेज या कीमत देखना पर्याप्त नहीं है। यह भी देखना जरूरी है कि कैमरा बनाने वाली कंपनी कौन है, उसका सॉफ्टवेयर कितना सुरक्षित है, डेटा कहां स्टोर होता है और कैमरे तक पहुंच किस-किस की है। खासतौर पर संवेदनशील इलाकों में कैमरे इस्तेमाल किए जा रहे हों तो सुरक्षा को लेकर ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत होती है।
CCTV का खतरा सिर्फ किसी व्यक्ति के कैमरे तक पहुंचने से नहीं है। कैमरे के सॉफ्टवेयर में मौजूद कोई सुरक्षा खामी भी आपकी LIVE और रिकॉर्डेड फुटेज को खतरे में डाल सकती है। 2026 में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की CERT-In की ओर से कई CCTV प्रोडक्ट्स में सुरक्षा खामियों को लेकर जानकारी दी गई। जुलाई में एक चर्चित CCTV कंपनी के IP कैमरे में ऐसी कमी सामने आई, जिससे बिना अनुमति कैमरे की LIVE तस्वीर देखे जाने का खतरा था। वहीं फरवरी में एक अन्य कंपनी के CCTV प्रोडक्ट्स में बिना अनुमति अकाउंट एक्सेस करने और LIVE तथा रिकॉर्डेड फुटेज देखने का जोखिम सामने आया।
अब जरा उस स्थिति की कल्पना कीजिए जिसमें आपको लगता है कि आपके घर का कैमरा सिर्फ आपके मोबाइल पर दिखाई दे रहा है, लेकिन किसी सुरक्षा खामी के कारण वही तस्वीर किसी अनजान व्यक्ति की स्क्रीन पर भी पहुंच सकती है। यही वजह है कि स्मार्ट CCTV खरीदते समय उसकी साइबर सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
इसके अलावा CCTV सुरक्षा में एक बेहद सामान्य गलती पासवर्ड को लेकर होती है। कई बार टेक्नीशियन कैमरा इंस्टॉल करते समय पासवर्ड सेट कर देता है और यूजर उसे बदलता ही नहीं। लंबे समय तक वही पासवर्ड इस्तेमाल करना जोखिम बढ़ा सकता है। साइबर हमलों में डिक्शनरी अटैक और ब्रूटफोर्स अटैक जैसी तकनीकों के जरिए अलग-अलग शब्दों, नंबरों और कैरेक्टर के कॉम्बिनेशन आजमाए जाते हैं।
इसलिए CCTV से जुड़े अकाउंट का मजबूत और यूनिक पासवर्ड रखना जरूरी है। कम से कम 12 कैरेक्टर का पासवर्ड इस्तेमाल किया जा सकता है, जिसमें बड़े और छोटे अक्षरों के साथ नंबर और स्पेशल कैरेक्टर शामिल हों। सबसे जरूरी बात यह है कि कैमरा इंस्टॉल होने के बाद डिफॉल्ट पासवर्ड को बदल दिया जाए।
CCTV सुरक्षा को लेकर सरकार ने भी सुरक्षा मानकों पर जोर दिया है। कैमरों में इस्तेमाल होने वाले हार्डवेयर की जानकारी, सुरक्षा जांच और प्रमाणित लैब में टेस्टिंग जैसे प्रावधानों को महत्व दिया गया है। मार्च 2026 तक 507 CCTV मॉडल सुरक्षा मानकों में पास हो चुके थे। नए मानकों में कैमरे की पहचान और लॉगिन सिस्टम, नेटवर्क सुरक्षा, डेटा सुरक्षा, सॉफ्टवेयर अपडेट और मजबूत पासवर्ड जैसे पहलुओं पर जोर दिया गया है।
अब सवाल आता है कि CCTV की रिकॉर्डिंग कहां रखी जाए—DVR में या क्लाउड पर?
अगर आपको इंटरनेट के जरिए LIVE निगरानी की जरूरत नहीं है तो रिकॉर्डिंग DVR यानी Digital Video Recorder में रखी जा सकती है। इसका फायदा यह है कि रिकॉर्डिंग आपके घर या ऑफिस में ही रहती है। लेकिन यहां भी एक जोखिम है। अगर चोरी के दौरान चोर DVR ही उठाकर ले गया तो रिकॉर्डिंग भी उसके साथ चली जाएगी।
इसी वजह से बहुत से लोग क्लाउड स्टोरेज का इस्तेमाल करते हैं। क्लाउड का फायदा यह है कि रिकॉर्डिंग इंटरनेट के जरिए कहीं से भी एक्सेस की जा सकती है। लेकिन इसके साथ एक नया सवाल जुड़ जाता है—आपकी रिकॉर्डिंग आखिर किसके सर्वर पर जा रही है?
क्लाउड सेवा लेते समय यह देखना जरूरी है कि डेटा किस देश में स्टोर हो रहा है, कंपनी किस सर्वर का इस्तेमाल कर रही है और डेटा की सुरक्षा के लिए कौन से इंतजाम किए गए हैं। भारत में Digital Personal Data Protection Act के तहत व्यक्तिगत डेटा और उसकी सुरक्षा से जुड़े नियम हैं। वहीं यूरोप में GDPR जैसे नियम डेटा प्राइवेसी को नियंत्रित करते हैं।
CCTV की सुरक्षा के साथ-साथ Wi-Fi नेटवर्क की सुरक्षा भी बेहद जरूरी है। अगर कैमरा सुरक्षित है लेकिन आपका Wi-Fi नेटवर्क कमजोर है तो पूरा सिस्टम जोखिम में आ सकता है। पुराने राउटर, पुराने फर्मवेयर और लंबे समय से अपडेट नहीं किए गए नेटवर्किंग हार्डवेयर में सुरक्षा खामियां हो सकती हैं। इसलिए राउटर के फर्मवेयर को अपडेट रखना और जहां संभव हो, आधुनिक Wi-Fi सुरक्षा मानकों का इस्तेमाल करना जरूरी है।
दरअसल, स्मार्ट CCTV ने हमारी जिंदगी को आसान जरूर बनाया है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी है। कैमरा खरीदते समय अब केवल यह देखना पर्याप्त नहीं कि उसकी तस्वीर कितनी साफ है या उसकी कीमत कितनी है। यह भी देखना होगा कि उसका सॉफ्टवेयर कितना सुरक्षित है, मोबाइल ऐप किस कंपनी की है, रिकॉर्डिंग कहां जाती है, क्लाउड सर्वर कहां है और कैमरे तक पहुंच किसके पास है।
आखिर CCTV घर की सुरक्षा के लिए लगाया जाता है, घर के अंदर की जिंदगी किसी अनजान व्यक्ति को दिखाने के लिए नहीं।
इसलिए अगली बार जब आप Wi-Fi या SIM वाला कैमरा खरीदने जाएं तो सिर्फ मेगापिक्सल और कीमत की बात न करें। कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था, सॉफ्टवेयर अपडेट, पासवर्ड सिस्टम, डेटा स्टोरेज और प्राइवेसी पॉलिसी के बारे में भी पूरी जानकारी लें।
क्योंकि आज के डिजिटल दौर में आपके घर का CCTV सिर्फ एक कैमरा नहीं है। वह इंटरनेट से जुड़ा एक ऐसा उपकरण है, जिसके जरिए आपके घर, परिवार, कारोबार और निजी जिंदगी की तस्वीरें लगातार रिकॉर्ड हो रही हैं।
सवाल सिर्फ यह नहीं कि कैमरा आपको क्या दिखा रहा है... असली सवाल यह है कि कैमरे की दूसरी तरफ कौन देख रहा है।
No Previous Comments found.