24 दिन बाद बिहार लौटे तेजस्वी, सम्राट चौधरी सरकार पर जमकर बरसे

बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। 24 दिनों की विदेश यात्रा के बाद बिहार लौटे आरजेडी नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर बड़ा हमला बोला है। छात्रों पर लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के मुद्दे को लेकर तेजस्वी यादव ने सरकार को अल्टीमेटम दे दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए और गिरफ्तार छात्रों को रिहा नहीं किया गया तो पूरे बिहार में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

आरजेडी नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव 24 दिनों की विदेश यात्रा के बाद बिहार लौट आए हैं। बिहार पहुंचते ही उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि पटना समेत कई जिलों में छात्रों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

तेजस्वी यादव ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने वाली सरकार बन चुकी है। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ अन्याय के खिलाफ उनकी पार्टी पूरी ताकत से आवाज उठाएगी। तेजस्वी यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगर जल्द ही छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस नहीं लिए गए और गिरफ्तार छात्रों को रिहा नहीं किया गया, तो आरजेडी पूरे बिहार में बड़ा आंदोलन शुरू करेगी। 

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ छात्रों की नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य की लड़ाई है। तेजस्वी यादव ने सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब यह सब ज्यादा समय तक नहीं चलेगा। तेजस्वी यादव ने अपने बड़े भाई और आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप यादव समेत कई विधायकों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज करना और उन्हें जेल भेजना लोकतंत्र के खिलाफ है।

बता दें कि तेज प्रताप यादव को बिहार पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया था। वह पटना में छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करने पहुंचे थे। हालांकि उनकी गिरफ्तारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। तेज प्रताप यादव के वकील का दावा है कि उन्हें धरना स्थल से नहीं बल्कि एक शॉपिंग मॉल से गिरफ्तार किया गया। अब तेजस्वी यादव के अल्टीमेटम के बाद बिहार की राजनीति और गरमा गई है। सभी की नजरें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं कि क्या सरकार छात्रों से जुड़े मामलों पर कोई फैसला लेती है या फिर राज्य में एक बड़े राजनीतिक आंदोलन की शुरुआत होती है।

छात्र आंदोलन, गिरफ्तारी और सरकार के खिलाफ तेजस्वी यादव के तेवरों ने बिहार की सियासत को गर्मा दिया है। अब देखना होगा कि सरकार और विपक्ष के बीच यह टकराव किस दिशा में आगे बढ़ता है और क्या तेजस्वी यादव का आंदोलन वाला ऐलान बिहार की राजनीति में बड़ा असर डालता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.