कलवा खाड़ी में डूबते युवक को नया जीवन — फायर ब्रिगेड का साहसिक रेस्क्यू
ठाणे : के कलवा स्थित साकेत रोड इलाके में खाड़ी में डूब रहे एक 30 वर्षीय युवक को फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते बचाकर नया जीवन दिया। इस साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन से एक बड़ा हादसा टल गया। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे नौशाद मेहबूब (उम्र 30 वर्ष) नामक युवक खाड़ी में डूब रहा था। घटना की सूचना मिलते ही ठाणे महानगरपालिका की आपदा प्रबंधन टीम, स्थानीय पुलिस और अग्निशमन दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, आपदा प्रबंधन का वाहन और अन्य जरूरी संसाधन मौके पर तैनात किए गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर ऑफिसर संदीप कदम और चालक गणेश गवारी ने बिना समय गंवाए खाड़ी में छलांग लगाई। करीब 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसे आगे की जांच और उपचार के लिए ठाणे नगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इस साहसिक और तत्पर कार्रवाई के लिए फायर ब्रिगेड के जवानों की हर तरफ सराहना हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने भी उनके इस बहादुरी भरे कार्य की प्रशंसा की
रिपोर्टर : साबिर शेख
No Previous Comments found.