थाईलैंड के झरने में आराम कर रहा था जर्मन पर्यटक, तभी मॉनिटर लिजर्ड ने किया जानलेवा हमला

थाईलैंड के एक प्रसिद्ध झरने में घूमने गए जर्मन पर्यटक के लिए सुकून के पल अचानक खौफनाक हादसे में बदल गए। पानी में बैठकर आराम कर रहे 60 वर्षीय पर्यटक पर अचानक एक विशाल मॉनिटर लिजर्ड ने हमला कर दिया। हमले के दौरान जानवर ने उनके पैर को जबड़े से जकड़ लिया और पानी के भीतर खींचने की कोशिश की। इस घटना में पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद नेशनल पार्क प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर नए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना थाईलैंड के कंचनबुरी प्रांत में स्थित इरावन नेशनल पार्क की है। बताया जा रहा है कि 17 नवंबर को जर्मनी से आए 60 वर्षीय पर्यटक इरावन वॉटरफॉल घूमने पहुंचे थे। घूमने के दौरान वह झरने के पानी में पैर डालकर बैठे हुए थे। इसी बीच पानी में मौजूद एक बड़ी मॉनिटर लिजर्ड अचानक उनके करीब आ गई और उन पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान मॉनिटर लिजर्ड ने पर्यटक के पैर को अपने मजबूत जबड़ों में दबोच लिया। इसके बाद वह उन्हें पानी की तरफ खींचने लगी। इस संघर्ष में उनके पैर में गहरी चोट आई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पार्क में मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार दिया।

इसके बाद उन्हें पहले इरावन सबडिस्ट्रिक्ट हेल्थ प्रमोटिंग हॉस्पिटल पहुंचाया गया। हालांकि, चोट की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए था क्रदान हॉस्पिटल रेफर कर दिया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान नेशनल पार्क के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।

इस हादसे के बीच पर्यटक के लिए राहत की बात यह रही कि उनका नाम थाईलैंड सरकार की राष्ट्रीय उद्यानों से जुड़ी दुर्घटना बीमा योजना के तहत दर्ज था। 'ट्रैवल थाईलैंड विद पीस ऑफ माइंड इन नेशनल पार्क्स' योजना के अंतर्गत उन्हें अधिकतम 4 लाख थाई बाट तक का बीमा कवर मिलने का प्रावधान है।

हमले के बाद हरकत में आया नेशनल पार्क प्रशासन

घटना के बाद पार्क अधिकारियों ने मॉनिटर लिजर्ड को सुरक्षित तरीके से पकड़ने की योजना बनाई है। ऑफिस ऑफ कंजर्वेशन एरिया एडमिनिस्ट्रेशन 3 (बान पोंग) के निदेशक रचन बुआत्री के मुताबिक, इसके लिए विशेष जाल लगाए जाएंगे। पकड़े जाने के बाद छिपकलियों को ऐसे प्राकृतिक इलाकों में छोड़ा जाएगा, जहां वे सुरक्षित तरीके से रह सकें।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस घटना को वन्यजीवों से जुड़ा हादसा माना जा रहा है। वन्यजीव संरक्षण विभाग की ओर से घायल पर्यटक को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही पार्क प्रबंधन को पानी के आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

पर्यटकों के लिए बढ़ाई जाएगी सुरक्षा

इरावन नेशनल पार्क की प्रमुख रकचानोक पैनोई ने बताया कि घायल पर्यटक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अस्पताल के डॉक्टरों से संपर्क बनाए रखा गया है, ताकि उनके स्वस्थ होने और स्वदेश लौटने तक हर जरूरी मदद दी जा सके।

इसके अलावा पार्क में भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी है। संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे और पर्यटकों को पानी में उतरते समय सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जाएगा। जिन इलाकों में वन्यजीवों की मौजूदगी अधिक है, वहां कर्मचारियों और वन रक्षकों की तैनाती भी बढ़ाई जा सकती है।

इस घटना ने एक बार फिर याद दिलाया है कि प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर घूमते समय वन्यजीवों से दूरी बनाए रखना और पानी में उतरने से पहले आसपास के माहौल को समझना कितना जरूरी है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.