भिवंडी: फ्लाईओवर पर लगातार हादसों से नागरिकों में आक्रोश, आरपीआई (सेक्युलर) ने उठाई सुरक्षा जाली लगाने की मांग।

भिवंडी :  शहर के स्व. बालासाहेब ठाकरे उड़ानपुल पर लगातार हो रहे भीषण हादसों को देखते हुए रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (सेक्युलर) ने राज्य सरकार और प्रशासन से तात्कालिक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

आरपीआई (सेक्युलर) के भिवंडी शहर अल्पसंख्यक विभाग अध्यक्ष अबुलैस अब्दुल हई अंसारी ने दिनांक 4 जुलाई 2025 को मुख्यमंत्री, सार्वजनिक बांधकाम मंत्री, पालक मंत्री, जिलाधिकारी, उपविभागीय अधिकारी, सार्वजनिक बांधकाम विभाग के अधिकारी तथा भिवंडी महानगरपालिका प्रशासक को पत्र भेजकर इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया।

अंसारी ने निवेदन में कहा कि बालासाहेब ठाकरे उड़ानपुल पर वाहनों की रफ्तार अधिक होने से आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं। खासकर दोपहिया वाहन सवार टकराकर सीधे फ्लाईओवर से नीचे गिर जाते हैं। हाल ही में एक युवक की इसी कारण दर्दनाक मौत हो गई, जबकि इससे पहले भी इसी पुल पर ऐसी ही घटना घटी थी।

उन्होंने बताया कि कुछ महीने पूर्व वंजारपट्टी नाका स्थित एपीजे अब्दुल कलाम उड़ानपुल पर भी इसी तरह की दुर्घटना हुई थी। बावजूद इसके प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं। लगातार हो रही मौतों से नागरिकों में प्रशासन के प्रति भारी रोष है।

आरपीआई (सेक्युलर) ने मांग की है कि स्व. बालासाहेब ठाकरे उड़ानपुल सहित भिवंडी के सभी उड़ानपुलों पर दोनों ओर कम से कम 6 से 7 फुट ऊंची सुरक्षा जाली तत्काल लगाई जाए, ताकि हादसों पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों की जानें बचाई जा सकें।

रिपोर्टर : मुस्तकीम खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.