तैयारी पूरी, अब लड़ाई न्याय के लिए हेगी – सांसद बाल्या मामा।

भिवंडी : नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को लोकनेता स्व. दि.बा. पाटील का नाम देने की मांग को लेकर रविवार 14 सितम्बर को सुबह 9 बजे भिवंडी के मानकोली से नवी मुंबई के जासई गांव तक विशाल कार रैली का आयोजन किया गया है। इस रैली में दो हजार से अधिक कारों के शामिल होने की संभावना है। सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाल्या मामा ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकार परिषद में बताया कि इस रैली की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यह रैली अनुशासित ढंग से भिवंडी से नवी मुंबई पहुंचकर जासई गांव में दि.बा.पाटील को अभिवादन अर्पित करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब आगे की लड़ाई न्याय की होगी और जब तक न्याय नहीं मिलेगा आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि “सरकार ने हमारा अंत न देखे।”

सांसद मामा ने कहा कि दि.बा. पाटील केवल ठाणे-रायगढ़ तक सीमित नेता नहीं थे, बल्कि वे राष्ट्रीय नेता और महान समाज सुधारक थे। आगरी-कोली व भूमिपुत्र समाज के लिए उनका कार्य बहुत विशाल है। इसलिए नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को उनके नाम से जोड़ा जाना लाखों भूमिपुत्रों की भावनाओं से जुड़ा मुद्दा है। यदि उनकी यह मांग पूरी नहीं हुई तो लाखों की संख्या में भूमिपुत्र उग्र आंदोलन करेंगे और हवाई अड्डे का उद्घाटन भी नहीं होने देंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी।
कार रैली का मार्ग इस प्रकार होगा :
मानकोली-मोटागांव रोड से रैली की शुरुआत होगी। इसके बाद रैली खारेगांव, कलवा, विटावा, दिघा, ऐरोली नाका, रबाले, घणसोली, कोपरी गांव, पाम बीच मार्ग,सानपाड़ा, नेरुल,करावे,नवी मुंबई पालिका मुख्यालय सर्कल होते हुए उरण की ओर रेतीबंदर, हवाई अड्डा रेतीबंदर गेट,चिंचपाड़ा, पारगांव ओवाले,और अंत में जासई गांव पहुंचेगी। जासई में दिवंगत नेता दि.बा.पाटील को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा।

रिपोर्टर : मुस्तकीम खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.