भिवंडी में कचरा ठेकेदारों की मनमानी,नगर निगम के आरोग्य अधिकारी मौन

भिवंडी : महानगरपालिका क्षेत्र में कचरा उठाने का काम करने वाले ठेकेदारों की मनमानी और आरोग्य विभाग की उदासीनता को लेकर नागरिकों में भारी नाराजगी व्याप्त है। बताया जा रहा है कि शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, जबकि मनपा के आरोग्य अधिकारी फैसल तातली और अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस पूरे प्रकरण पर मौन साधे हुए हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब तक आरोग्य विभाग में फैसल तातली जैसे भ्रष्ट अधिकारी बने रहेंगे, तब तक भिवंडी में बोगस कंपनियों को कचरा ठेके मिलते रहेंगे। इन कंपनियों के पास आवश्यक दस्तावेज और पात्रता नहीं है, फिर भी उन्हें मनपा से ठेके दिए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, इस भ्रष्टाचार में विभाग के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों की मिलीभगत से मोटी रकम का लेनदेन हुआ है।

शहर में कचरा प्रबंधन की स्थिति यह है कि कई इलाकों में दिनों-दिन गंदगी बढ़ती जा रही है। कचरा समय पर नहीं उठाया जाता, सड़कों और गलियों में कूड़े के ढेर लगे हैं। बावजूद इसके नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने से बचते नजर आ रहे हैं।

नागरिकों का आरोप है कि भिवंडी मनपा में ठेकेदारों और अधिकारियों के बीच घनिष्ठ रिश्ता और रिश्वतखोरी का खेल जारी है। ठेकेदार मोटी रकम देकर फर्जी कागजातों के आधार पर टेंडर हासिल कर रहे हैं, जबकि जनता इसके परिणाम भुगत रही है।

जनता का कहना है कि यदि इस गोरखधंधे की उच्चस्तरीय जांच नहीं की गई तो वे भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे। भिवंडी में स्वच्छता व्यवस्था की दुर्दशा ने एक बार फिर नगर निगम के आरोग्य विभाग की कार्यप्रणाली और ईमानदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्टर : मुस्तकीम खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.