पत्नी के अवैध संबंध के शक में दोस्त की हत्या, शील-डायघर पुलिस ने 4 घंटे में आरोपी पति को दबोचा

ठाणे : ठाणे जिले के शील-डायघर क्षेत्र में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के कथित अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति ने अपने ही परिचित की हत्या कर दी। हालांकि शील-डायघर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 की सुबह 10 बजे से 10 मार्च 2026 की सुबह 11:40 बजे के बीच ठाणे जिले के डायघर स्थित पिंपरी गांव के सर्वे नंबर 69 में धान के खेत में एक व्यक्ति का शव मिला था। मृतक की पहचान प्रकाश बिसा (40), निवासी हसनगंज, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। वह नवी मुंबई के महापे स्थित “साई प्रसाद स्नैक्स सेंटर” नामक कैंटीन में वेटर के तौर पर काम करता था।
इस मामले में कैंटीन मालिक जितेंद्र उत्तम पाटील, निवासी वडवली खुर्द, कल्याण की शिकायत पर शील-डायघर पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक श्रीराम पौळ ने जांच के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने गुप्त सूचना, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर रामराव दासु जाधव (39), निवासी शीलगांव, ठाणे को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसे अपनी पत्नी शोभाबाई जाधव और मृतक प्रकाश बिसा के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते उसने प्रकाश बिसा को शराब पीने के बहाने पिंपरी गांव के सर्वे नंबर 69 स्थित धान के खेत में बुलाया और लोहे के हथौड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस उपआयुक्त सुभाषचंद्र बुरसे, सहायक पुलिस आयुक्त प्रिया डमाळे और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक श्रीराम पौळ के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक गजेंद्र राऊत, प्रशांत खरात, अनिल राजपूत, योगेश लामखड़े, शहाजी शेळके, संतोष चव्हाण, अजय तिडके, अर्जुन जुवाटकर समेत पुलिस टीम ने की।

रिपोर्टर : साबिर शेख

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.