ठाणे क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी: कुख्यात गैंगस्टर रवि पुजारी गिरफ्तार, MCOCA केस में कसा शिकंजा

ठाणे : ठाणे शहर की एंटी एक्सटॉर्शन सेल (खंडणी विरोधी पथक) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर रवि प्रकाश सुलैया पुजारी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई कासारवडवली पुलिस स्टेशन में दर्ज एक गंभीर मामले के तहत की गई है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2017 में दर्ज अपराध क्रमांक 196/2017 में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 385, 387, 120(बी), 34 के साथ-साथ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) के तहत मामला दर्ज है। यह केस फिलहाल मोक्का स्पेशल कोर्ट (केस क्रमांक 11/2018) में विचाराधीन है।
गौरतलब है कि रवि पुजारी लंबे समय से फरार था और विदेश में रहकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। उसके खिलाफ इंटरनेशनल स्तर पर रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था। वर्ष 2019 में उसे अफ्रीकी देश सेनेगल में हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद प्रत्यर्पण प्रक्रिया के जरिए भारत लाया गया।
ठाणे क्राइम ब्रांच की टीम ने 17 मार्च 2026 को शाम 4:36 बजे बेंगलुरु जेल से प्रोडक्शन वारंट के आधार पर उसे अपनी हिरासत में लेकर औपचारिक गिरफ्तारी की।
गिरफ्तार आरोपी को मोक्का कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 27 मार्च 2026 तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है।
इस पूरे मामले की आगे की जांच ठाणे क्राइम ब्रांच के सहायक पुलिस आयुक्त विनय घोरपड़े के मार्गदर्शन में जारी है।

पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से संगठित अपराध पर बड़ा प्रहार हुआ है और आने वाले दिनों में मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।

रिपोर्टर : साबीर शेख

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.