आरटीई सुविधाओं को लेकर अभिभावकों की मांग,शिक्षा अधिकारी को सौंपा निवेदन
ठाणे - आरटीई (Right to Education Act 2009) के अंतर्गत प्रवेश प्राप्त विद्यार्थियों को मिलने वाली मुफ्त सुविधाएं समय पर उपलब्ध नहीं होने के विरोध में अभिभावकों ने ठाणे जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित निवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अभिभावकों ने कहा कि शासन के नियमों के अनुसार मिलने वाली मूलभूत सुविधाएं अब तक पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराई गई हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और अभिभावकों में नाराज़गी बढ़ रही है। निवेदन में अभिभावकों ने मांग की है कि आरटीई अंतर्गत मिलने वाली सभी सुविधाएं जैसे पुस्तकें,कॉपियां,गणवेश आदि बिना किसी विलंब के तुरंत उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही इन सुविधाओं को उपलब्ध कराने की निश्चित तारीख घोषित करने की भी मांग की गई है।
अभिभावकों ने यह भी पूछा है कि हर वर्ष ऐसी स्थिति पैदा न हो, इसके लिए शासन कौन-सी ठोस उपाययोजना करेगा और उसे किस प्रकार लागू किया जाएगा। यदि स्पष्ट आदेश के बावजूद स्कूल आरटीई के अंतर्गत सुविधाएं नहीं देते हैं, तो उन पर क्या कार्रवाई की जाएगी और उसकी समयसीमा क्या होगी, यह भी स्पष्ट करने की मांग की गई है। निवेदन में यह मुद्दा भी उठाया गया कि सुविधाओं में देरी से विद्यार्थियों को जो शैक्षणिक नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई कैसे की जाएगी, इस पर स्पष्ट नीति बनाई जाए। कुछ स्कूलों में पुस्तकों की कमी के कारण शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों पर दबाव बनाए जाने की शिकायत को गंभीर बताते हुए ऐसे स्कूलों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
अभिभावकों ने यह भी कहा कि आरटीई विद्यार्थियों के लिए अलग वर्ग रखने की प्रथा तुरंत बंद की जाए और उन्हें अन्य विद्यार्थियों के साथ समान रूप से पढ़ाया जाए, ताकि उन्हें समान शिक्षा का अधिकार मिल सके। अभिभावकों ने सभी मुद्दों पर तत्काल लिखित और स्पष्ट जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
रिपोर्टर - साबीर शेख


No Previous Comments found.