12 साल पुराने अपहरण और हत्या के मामले का खुलासा,तीन आरोपी गिरफ्तार
ठाणे : पुलिस की अपराध शाखा यूनिट-3, कल्याण ने वर्ष 2014 में हुए अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दावडी गांव निवासी करण अरविंद बागुल (23) के अपहरण का मामला मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में वर्ष 2014 में अपराध क्रमांक 640/2014, धारा 365 भादवि के तहत दर्ज था।
जांच के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी चंद्रकांत बालाराम गायकर (39) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी सुरेंद्र पांडुरंग पाटील (55) का करण बागुल के साथ जमीन विकास के आर्थिक लेन-देन को लेकर विवाद था। इसी रंजिश में 4 अक्टूबर 2014 को करण का अपहरण कर दावडी स्थित कार्यालय में ले जाया गया, जहां लोहे की रॉड से उसके सिर और चेहरे पर वार कर हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद आरोपी सुरेंद्र पाटील ने अपने साथियों चंद्रकांत गायकर और सुरेश गोपाल देगावत उर्फ छोटू (32) की मदद से शव को अपनी स्विफ्ट कार में डालकर मुरबाड के बारवी डैम के आगे घने जंगल में ले जाकर ठिकाने लगा दिया। पुलिस जांच में पता चला कि उसी क्षेत्र में 7 अक्टूबर 2014 को मुरबाड पुलिस स्टेशन में एक अज्ञात शव मिलने का मामला आकस्मिक मृत्यु के रूप में दर्ज था। अब पुष्टि हुई है कि वह शव करण बागुल का ही था।
मामले में अब धारा 302, 201 और 34 भादवि जोड़ी गई हैं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से 2 मई 2026 तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सुरेंद्र पाटील आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक सर्जेराव पाटील कर रहे हैं।
रिपोर्टर - साबीर शेख


No Previous Comments found.