ठाणे क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार
ठाणे : ठाणे शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच के खंडणी विरोधी पथक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से पिस्टल और जिंदा कारतूस रखने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कापूरबावडी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 8 मई 2026 को खंडणी विरोधी पथक की टीम फरार और रिकॉर्ड पर मौजूद आरोपियों की तलाश में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर काल्हेर से ठाणे की ओर आने वाला है।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शैलेश साळवी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने न्यू कशेळी ब्रिज के पास जाल बिछाकर आरोपी मोगेश सुनील म्हात्रे (उम्र 32 वर्ष), निवासी काल्हेर, भिवंडी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया, जिसकी कुल कीमत करीब 30 हजार 200 रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही उसने ठाणे शहर पुलिस आयुक्तालय द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश का भी उल्लंघन किया था। इस मामले में कापूरबावडी पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट 1959 की धारा 3, 25(1B)(A) तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1), 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को 8 मई 2026 की रात 9:38 बजे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 12 मई 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी भिवंडी के नारपोली पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।
रिपोर्टर : साबीर शेख


No Previous Comments found.