भिवंडी में ‘जहर का बाजार’! एक्सपायरी सामान से लेकर मटन-चिकन तक खुलेआम बिक्री

ठाणे : भिवंडी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक्सपायरी (समयसीमा समाप्त) हो चुके खाद्य पदार्थों और अन्य सामान की अवैध बिक्री तेजी से बढ़ रही है। यह धंधा अब केवल पैक्ड फूड तक सीमित नहीं,बल्कि मटन,चिकन,अंडे, सब्जियां और फल तक पहुंच चुका है,जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के कई इलाकों में एक्सपायरी सामान को दोबारा पैक कर उसकी तारीख बदलकर बाजार में सस्ते दामों पर बेचा जा रहा है। बड़े मॉल और कंपनियों से नष्ट करने के लिए निकाला गया माल सस्ते में खरीदकर फिर से बाजार में उतारा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक शांतिनगर, गॅबी नगर, खांडू पाडा,तीनबत्ती,ईदगाह रोड,भंडारी कंपाउंड,मधु नगर,विठ्ठल नगर और खडक रोड क्षेत्रों में यह अवैध कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा है।

इस धंधे में मटन,चिकन,अंडे,हरी सब्जियां,फल,मसाले,चाय पाउडर,स्नैक्स,वेफर्स,चकलेट,टूथपेस्ट,साबुन और कॉस्मेटिक्स जैसी रोजमर्रा की वस्तुएं शामिल हैं। कई बार खाद्य पदार्थों में कीड़े मिलने की शिकायतें भी सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि पडघा क्षेत्र के कुछ गोदामों से यह माल मुंबई और आसपास के शहरों में भी सप्लाई किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि इस अवैध कारोबार को रोकने के बजाय कुछ संबंधित अधिकारी कथित रूप से “हफ्ता” लेकर संरक्षण दे रहे हैं। कार्रवाई के नाम पर कभी-कभी मामूली जुर्माना लगाकर मामला दबा दिया जाता है। सूत्रों के अनुसार, सागर प्लाजा होटल से गॅबी नगर रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर एक स्थान पर खुलेआम एक्सपायरी सामान की बिक्री जारी है। यह इलाका शांतिनगर पुलिस थाना क्षेत्र में आता है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। नागरिकों ने अन्न व औषध प्रशासन (FDA), मनपा प्रशासन और पुलिस विभाग से इस “एक्सपायरी माफिया” के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो यह मामला बड़े स्वास्थ्य संकट में बदल सकता है।

रिपोर्टर - साबीर शेख

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.