कल्याण में NPL कंपनी परिसर के पेड़ अचानक सूखे, इलाके में मचा हड़कंप
ठाणे : महाराष्ट्र में इन दिनों बड़े पैमाने पर हो रही वृक्ष कटाई के बीच कल्याण के मोहने इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां स्थित NPL कंपनी के परिसर में बड़ी संख्या में पेड़ अचानक सूख जाने से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में करीब 100 से 150 पेड़ पूरी तरह सूख चुके हैं। यह घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के नागरिकों में भय और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो इलाके के बाकी पेड़ भी प्रभावित हो सकते हैं।
स्थानीय नागरिकों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि नीलगिरी के पेड़ों का इस तरह अचानक सूख जाना सामान्य घटना नहीं है। कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि पेड़ों को जानबूझकर सुखाने के लिए किसी रासायनिक पदार्थ या केमिकल का इस्तेमाल किया गया हो सकता है।
इस घटना के बाद पर्यावरण प्रेमियों में भी चिंता बढ़ गई है। वर्षों पुराने पेड़ों के अचानक खत्म होने से इलाके के हरित संतुलन पर बड़ा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता सुशील आरके ने प्रशासन से इस पूरे मामले की गहराई से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने वन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर असली कारण सामने लाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।
फिलहाल इस घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अब सबकी नजर प्रशासन पर है कि वह इस गंभीर मामले को कितनी प्राथमिकता से लेता है।
रिपोर्टर : साबीर शेख

No Previous Comments found.