ठाणे पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शातिर चोर गिरफ्तार, 21 घरफोड़ियों का खुलासा; 38.50 लाख का माल बरामद
ठाणे : ठाणे पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में बढ़ती घरफोड़ियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच यूनिट-3 (कल्याण) की टीम ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर 21 घरफोड़ियों के मामलों का खुलासा किया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित कुल 38.50 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश अरविंद राजभर (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले का निवासी है। वह फिलहाल डोंबिवली पश्चिम के कुंभारखानपाड़ा इलाके में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, विष्णुनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक घरफोड़़ी के मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठाणे शहर, नवी मुंबई, पालघर और ठाणे ग्रामीण क्षेत्रों में कई घरफोड़ियों को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपी ने चोरी का माल अपनी पहली पत्नी और भाई राकेश अरविंद राजभर (उम्र 32 वर्ष) के पास छिपाकर रखा था।
पुलिस ने आरोपी के परिजनों के पास से सोने-चांदी के गहने और नकदी बरामद कर ली है।
जांच में कुल 21 घरफोड़ियों का खुलासा हुआ है, जिनमें विष्णुनगर, तिलकनगर, नारपोली, नौपाड़ा, कोपरी, कलवा, मुंब्रा, मानपाड़ा, कालसेवाड़ी, खड़कपाड़ा, बदलापुर पूर्व, नालासोपारा, उरण और कल्याण तालुका पुलिस थानों में दर्ज मामले शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी काफी लंबा है और उसके खिलाफ पहले से ही ठाणे पुलिस आयुक्तालय, ठाणे ग्रामीण और रायगढ़ क्षेत्र में कुल 33 मामले दर्ज हैं।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) पंजाबराव उगले और पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमरसिंह जाधव के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच यूनिट-3, कल्याण की टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।
रिपोर्टर - साबीर शेख
No Previous Comments found.