ठाणे में सनसनीखेज हत्याकांड: संपत्ति के लालच में शिक्षिका की बेरहमी से हत्या, जबरन वसीयत पर करवाए हस्ताक्षर
ठाणे : महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां लालच और साजिश ने इंसानियत की सभी हदें पार कर दीं। 53 वर्षीय अविवाहित शिक्षिका संगीता मारुति चंदनशिवे, जो पेशे से स्कूल टीचर और एलआईसी एजेंट थीं, उनकी सुनियोजित तरीके से हत्या कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को संगीता चंदनशिवे एलआईसी के काम का बहाना बनाकर घर से निकलीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। इसके बाद 15 जुलाई को उनके भाई ने कोलशेवाड़ी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा, यूनिट-03 कल्याण ने जांच शुरू की। इसी दौरान 16 जुलाई को नासिक रोड के सिन्नर-घोटी मार्ग पर एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। बाद में उसकी पहचान संगीता चंदनशिवे के रूप में हुई।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपियों ने संगीता को असनगांव स्थित एक किराए के घर में बुलाया, जहां उन्हें बेरहमी से पीटा गया और जबरन वसीयत व संपत्ति के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। इसके बाद उनकी नाक और मुंह दबाकर हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कार में डालकर नासिक रोड पर मेडिकल कॉलेज के सामने फेंक दिया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें और पुलिस को गुमराह किया जा सके।
तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों — दिगंबर अव्हाड और तुषार रत्नपारखी — को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस साजिश में शामिल अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
यह सनसनीखेज हत्याकांड एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि लालच इंसान को किस हद तक गिरा सकता है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों को जल्द पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
रिपोर्टर - साबिर शेख
No Previous Comments found.