अंबरनाथ नगर परिषद में अवैध निर्माण पर बवाल

ठाणे :- अंबरनाथ नगर परिषद की प्रशासनिक इमारत में पहली मंजिल पर चल रहे कथित अवैध निर्माण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में शिकायतकर्ता राजू वालेकर ने जिलाधिकारी ठाणे, मुख्याधिकारी, नगराध्यक्ष और अतिरिक्त मुख्याधिकारी को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर परिषद प्रशासनिक भवन में नगराध्यक्ष कक्ष निर्माण का प्रस्ताव आम सभा में विषय क्रमांक 49 के तहत स्थगित कर दिया गया था। इसके बावजूद बिना किसी वैध मंजूरी के दोबारा काम शुरू कर दिया गया है, ऐसा आरोप शिकायतकर्ता राजू वालेकर ने लगाया है। इतना ही नहीं आम सभा के एजेंडे में इस विषय को फिर से शामिल किए जाने पर भी नाराजगी जताई जा रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस निर्माण कार्य के लिए न तो नगररचना विभाग की अनुमति ली गई है और न ही सभा की मंजूरी। आरोप है कि इमारत के कॉलम, बीम, बालकनी, दीवारें, टाइल्स, फायर सिस्टम और इलेक्ट्रिकल व्यवस्था को तोड़कर नया निर्माण शुरू किया गया है। बताया जा रहा है कि शहर अभियंता राजेश तडवी ने भी इस कार्य को बिना अनुमति का बताया है।

इसके साथ ही, आम सभा के एजेंडे के साथ पिछली बैठक का इतिवृत्त और विषयों का विवरण न देने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है। इसे नगर परिषद अधिनियम का उल्लंघन बताया जा रहा है। इसी कारण 30 सितंबर की सभा पर आपत्ति दर्ज कराई गई है। वहीं, यह मामला सोशल मीडिया और प्रिंट व डिजिटल मीडिया में भी चर्चा का विषय बना हुआ है शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी है कि यदि इस अवैध निर्माण को मंजूरी दी जाती है, तो भविष्य में न्यायालयीन कार्रवाई हो सकती है। गौरतलब है कि पहले से ही नगराध्यक्ष के लिए लगभग 4000 स्क्वेयर फुट का आधुनिक कक्ष उपलब्ध होने के बावजूद करोड़ों रुपये खर्च कर नया कक्ष बनाना करदाताओं के पैसे की बर्बादी बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता राजू वालेकर ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए और निर्माण कार्य को तुरंत रोका जाए। अन्यथा न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी दी गई है।


रिपोर्टर - साबिर शेख

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.