डबल इंजन सरकार का जवाब प्रबल इंजन सरकार से...सपा ने जारी किया नया पोस्टर

उत्तर प्रदेश की सियासत में अब चुनावी हलचल तेज होती दिख रही है। प्रदेश में पोस्टर पॉलिटिक्स हमेशा से चर्चा में रही है और इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी ने अखिलेश यादव के नेतृत्व में वर्ष 2027 में सरकार बनने का दावा करते हुए नया पोस्टर जारी किया है। इस पोस्टर ने राजनीतिक गलियारों में गर्मी बढ़ा दी है। भाजपा जहां ‘डबल इंजन की सरकार’ को विकास की कुंजी बताती रही है, वहीं सपा ने इसके जवाब में ‘प्रबल इंजन सरकार’ का नारा देकर पलटवार किया है। पार्टी ने अपने नए पोस्टर में 2027 में “पीडीए यानी प्रगतिशील, दूरदर्शी और अमनपसंद सरकार” लाने का संकल्प दिखाया है।

सपा कार्यालय के बाहर लगा पोस्टर

सपा के प्रदेश कार्यालय के बाहर लगाया गया यह पोस्टर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इसमें अखिलेश यादव को ट्रेन चलाते हुए दिखाया गया है, जिसके साथ लिखा है-फिर से चलेगी समृद्धि की बयार, जब 2027 में आएगी प्रबल इंजन सरकार। यह पोस्टर मेंहदावल विधानसभा के जयराम पांडेय की ओर से लगवाया गया है।

PDA को नए रूप से परिभाषित किया-

भाजपा नेताओं द्वारा लंबे समय से ‘डबल इंजन की सरकार’ को विकास का प्रतीक बताया जाता रहा है, जबकि सपा का कहना है कि असली विकास ‘जनता की प्रबल शक्ति’ से चलने वाली सरकार में ही संभव है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार पीडीए-पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक की राजनीति को समाजवादी आंदोलन की नई दिशा बताते रहे हैं, लेकिन इस बार पार्टी ने इसे ‘प्रगतिशील, दूरदर्शी और अमनपसंद’ के रूप में परिभाषित किया है।

2024 लोकसभा चुनाव के बाद से सपा में उत्साह

राज्य में विधानसभा चुनाव में अभी करीब डेढ़ वर्ष बाकी है, लेकिन राजनीतिक बयानबाजी और पोस्टर वार ने माहौल पहले ही गरमा दिया है। 2024 लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन के बेहतर प्रदर्शन से सपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है, और अखिलेश यादव दावा कर रहे हैं कि 2027 में यूपी में समाजवादी पार्टी की ही सरकार बनेगी। दूसरी ओर भाजपा का कहना है कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था सुधरी है, निवेश बढ़ा है और विकास तेज हुआ है, इसलिए जनता 2027 में भी भाजपा पर भरोसा जताएगी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सपा का नया ‘प्रबल इंजन’ नारा भाजपा की ‘डबल इंजन’ राजनीति का सीधा जवाब है। दोनों दल अब नारे और प्रतीकों के जरिये मतदाताओं तक अपनी विचारधारा पहुंचाने की कोशिश में जुट गए हैं। माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में सपा इस नारे को केंद्र में रखकर अपना प्रचार अभियान और तेज करेगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.