The Bonus Market Update: सेंसेक्स 2500 अंक लुढ़का, निफ्टी 23100 के नीचे बंद

हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को शेयर बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली और बाजार भारी नुकसान के साथ बंद हुआ। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में 3 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 2,496.89 अंक यानी 3.26% टूटकर 74,207.24 पर बंद हुआ, जो जून 2024 के बाद इसकी सबसे बड़ी एक दिन की गिरावट मानी जा रही है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 2,753.18 अंक गिरकर 73,950.95 तक पहुंच गया था। वहीं, एनएसई निफ्टी 775.65 अंक यानी 3.26% फिसलकर 23,002.15 पर बंद हुआ।

इस बड़ी गिरावट के चलते निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। आंकड़ों के अनुसार, बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 11.5 लाख करोड़ रुपये घटकर लगभग 427 लाख करोड़ रुपये रह गया।

सेंसेक्स की सभी 30 कंपनियों के शेयर दबाव में नजर आए। गिरावट वाले प्रमुख शेयरों में बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और बजाज फिनसर्व शामिल रहे। खासतौर पर एचडीएफसी बैंक के शेयर में करीब 5.13% की गिरावट दर्ज की गई, जिसका कारण बैंक के चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती का नैतिक कारणों से इस्तीफा देना बताया जा रहा है।

वहीं, कीमती धातुओं के बाजार में भी गिरावट देखी गई। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच सोने और चांदी के दाम नीचे आए। चांदी की कीमत 14,230 रुपये गिरकर लगभग 2.33 लाख रुपये प्रति किलो रह गई, जबकि सोना 5,330 रुपये सस्ता होकर करीब 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष ने वैश्विक बाजारों की चिंता को और बढ़ा दिया है। ऊर्जा ढांचे पर हमलों, खासकर ईरान के प्रमुख गैस क्षेत्र और कतर की बड़ी एलएनजी सुविधा को निशाना बनाए जाने से ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

मार्केट एक्सपर्ट अजय बग्गा के अनुसार, इन घटनाओं ने खाड़ी क्षेत्र की स्थिति को काफी संवेदनशील बना दिया है। उनका मानना है कि अगर ऊर्जा सप्लाई में बाधा आती है, तो इसका सीधा असर महंगाई और वैश्विक बाजारों पर देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.