सोती रही सरकार, जागता रहा विपक्ष...सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कसा तंज

उत्तर प्रदेश विधानसभा में पहली बार किसी मुद्दे पर लगातार 24 घंटे तक कार्यवाही चली। यह विशेष सत्र ‘विकसित भारत, विकसित यूपी विजन डॉक्युमेंट 2047’ पर चर्चा के लिए आयोजित किया गया था। हालांकि, इस ऐतिहासिक सत्र के दौरान राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज हो गई।
सपा प्रमुख ने साझा किए दो वीडियो-
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मौके पर योगी सरकार पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर दो वीडियो साझा किए। एक वीडियो में मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह सत्र के दौरान सोते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में विपक्षी नेता, जिनमें सपा विधायक भी शामिल हैं, जागते हुए सेल्फी ले रहे हैं।
वीडियो के साथ अखिलेश यादव ने टिप्पणी की – “सोती रही सरकार, जागता रहा विपक्ष! भाजपा ने 24 घंटे का सदन चलाकर यह साबित कर दिया कि वे प्रदेश चलाने में कितने पिछड़ चुके हैं। इसीलिए अब चौबीसों घंटे काम करने की बात कर रहे हैं। भाजपा यह बताए कि कितने मंत्री और विधायक वाकई 24 घंटे मौजूद रहे?”
अखिलेश ने भाजपा पर लगाया आरोप-
उन्होंने सरकार पर इवेंटबाज़ी का आरोप लगाते हुए कहा – “जनता पूछ रही है कि आखिर 24 घंटे का सदन चलाने के पीछे क्या तर्क है? दिन की कार्यवाही को रात में खींचने से सरकार क्या हासिल करना चाहती है? भाजपा कम से कम विधानसभा जैसे गंभीर मंच को अपने इवेंट से दूर रखे।”
इससे पहले बुधवार को भी अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि राज्य में नफरत और भेदभाव की राजनीति के चलते जनता में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में अन्याय और अत्याचार अपने चरम पर है और लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
No Previous Comments found.