जलभराव एवं अतिवृष्टि के मद्देनजर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

टीकमगढ़ - जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते विभिन्न नदी-नालों एवं पुल-पुलियाओं पर जलस्तर बढ़ने से उत्पन्न स्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर अग्रवाल ने हीरानगर बावरी पुल सहित अन्य जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर जलभराव एवं जल प्रवाह की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा एवं निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। टीकमगढ़-झांसी मार्ग पर डिगौड़ा के पास पूनौल नाला में पुल के करीब 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है। यहां पुलिस बल को तैनात किया गया है। वहीं अश्टौन चौकी अंतर्गत नचनवारा पुलिया पर पानी ऊपर होने के कारण आवागमन बंद कर दिया गया है। देहात थाना क्षेत्र के हीरानगर के पास पुलिया पर जलभराव के कारण रास्ता बंद है। हीरानगर बावरी पुल पर भी जलभराव की स्थिति का कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा निरीक्षण किया गया।

इसी प्रकार लिधोराखास में पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है। इकबालपुरा-मड़ियांव घाट पुल पर पानी पुल से करीब एक फीट ऊपर बह रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से यहां आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। खरों-महेवा चक्र रोड स्थित नाला तथा महेवा चक्र-03 कटेरा रोड स्थित सुखनई नदी पुल के ऊपर से भी तेज बहाव के साथ पानी निकलने की सूचना प्राप्त हुई है। दिगौड़ा झाँसी मार्ग पर पुनोल नाला एवं दिगौड़ा बस्ती का सरपट नाले पर लगभग 2 फीट पानी उफान पर है।
प्रशासन द्वारा जलभराव एवं तेज जलप्रवाह वाले सभी स्थानों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। संबंधित एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट, राजस्व अधिकारी, पटवारी, पंचायत अमला तथा संबंधित एजेंसियों पीडब्ल्यूडी, एनएच, पीएमजीएसवाई के साथ-साथ एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जलभराव वाले पुल-पुलियाओं एवं नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहें।

रिपोर्टर - राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.