तिल और गुड़ के बिना अधूरा है सकट चौथ का व्रत, जानें इसके लड्डुओं की रेसिपी
सर्दियों में गुड़ और तिल का सेवन करना बहुत लाभकारी माना जाता है। इनकी गर्म तासीर शरीर को ऊर्जा और जरूरी पोषक तत्व देती है, जिससे इम्यून सिस्टम मजबूत रहता है और सर्दियों में बीमार पड़ने का खतरा कम होता है। हमारे त्योहार सिर्फ धार्मिक महत्व के नहीं होते, बल्कि वे प्रकृति और स्वास्थ्य से भी जुड़े होते हैं। सर्दियों में आने वाले कई त्योहारों पर गुड़ और तिल से बनी मिठाइयाँ खाने की परंपरा रही है। इनमें से एक प्रमुख त्योहार है सकट चौथ, जिसकी पूजा बिना गुड़ और तिल के अधूरी मानी जाती है। इस आर्टिकल में हम गुड़ और तिल के लड्डू बनाने की आसान रेसिपी साझा करेंगे।
साल 2026 में सकट चौथ का व्रत 6 जनवरी को मनाया जाएगा। यह दिन भगवान गणेश को समर्पित होता है। कुछ लोग इस दिन सूर्यदेव की भी पूजा करते हैं और गुड़-तिल के लड्डू भोग में चढ़ाते हैं। वहीं कुछ लोग शिकायत करते हैं कि उनके लड्डू या तो बहुत सख्त बन जाते हैं या फिर चिपचिपे हो जाते हैं। आइए, जानते हैं परफेक्ट गुड़-तिल लड्डू बनाने का सही तरीका।
लड्डू के इन्ग्रेडिएंट्स करें नोट
तिल और गुड़ के लड्डू बनाने के लिए आपको चाहिए होगा 700 ग्राम गुड़, 1 किलो सफेद तिल, 300 ग्राम मूंगफली के दाने (ये नटी फ्लेवर के साथ बढ़िया क्रंच देते हैं और लड्डू का न्यूट्रिशन भी बढ़ता है), 2-3 चम्मच देसी घी. इसके अलावा आप अपनी मर्जी से कुछ चीजें एड कर सकते हैं जैसे नारियल का चूरा, आधा छोटा चम्मच हरी इलायची का पाउडर और कुछ नट्स जैसे बादाम, काजू.
कैसे बनाएं तिल-गुड़ के लड्डू
- सबसे पहले आपको तिल को अच्छी तरह बीनकर साफ कर लेना है ताकि किसी तरह की कोई अशुद्धि या कंकड़ न रहे.
- तिल को साफ करने के बाद एक मोटी तली की कड़ाही में तिल को ड्राई रोस्ट करें. इसे लगातार चलाते रहना है और आंच हल्की रखनी है.
- तिल को गोल्डन होने तक रोस्ट करें, लेकिन ध्यान रखें कि ये बस हल्के गोल्डन होने चाहिए और अच्छी खुशबू आए तो गैस ऑफ करके तिल को तुरंत थाली में निकाल लें.
- अब खाली की गई कड़ाही में मीडियम फ्लेम पर मूंगफली के दानों को रोस्ट कर लें. जब कच्चापन निकल जाए और ये अच्छी खुशबू देने लगे तो प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें.
- आधे तिल को इमामदस्ता में डालकर कूट लें ताकि ये अच्छी तरह से क्रश हो जाएं और जिससे इनका स्वाद भी निखर कर आए
- मूंगफली के दानों के ठंडा हो जाने के बाद इसके ऊपर की स्किन को हटा दें और ये भी दरदरे कूट लें.
- अब गुड़ को छोटे टुकड़ों में तोड़ लें और गैस पर कड़ाही चढ़ाकर इसे पिघलने तक पकाएं. जब गुड़ पूरी तरह से घुल जाए तो गैस को ऑफ कर दें.
- पिघले हुए गुड़ में तिल के साथ मूंगफली के दाने, नारियल का चूरा, इलाचयी पाउडर और जो भी चीजें आपने ली हैं वो एड कर दें. इसके बाद एक चम्मच देसी घी भी डालकर मिलाएं.
- सारी चीजों के अच्छी तरह से मिल जाने के बाद हाथों में देसी घी लगाकर थोड़ा-थोड़ा मिश्रण लेकर लड्डू बनाते जाएं और प्लेट में रखते जाएं.
- लड्डू आपको तभी बनाने हैं जब तैयार किया गया मिश्रण थोड़ा गर्म हो, नहीं तो ये जम जाएगा और लड्डू नहीं बनेंगे.
- जब लड्डू बन जाएं तो थोड़ी देर तक इन्हें खुला ही रखें ताकि ये अच्छी तरह से सेट हो जाए. इसके बाद एयरटाइट जार में भर लें. ये लड्डू कई महीने खराब नहीं होंगे.
No Previous Comments found.