ट्रंप vs भारत: कौन सही?

ट्रंप बोले: भारत की इकोनॉमी डूब रही है।राहुल बोले: हां, बीजेपी ने देश डुबो दिया है।मगर सवाल ये है — ये कौन सी नाव है जो डूब रही है, और फिर भी सबसे तेज़ दौड़ रही है?दुनिया में हलचल है। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की जुबान से निकले शब्द ग्लोब को झटका दे रहे हैं। टैरिफ वॉर से लेकर व्यापारिक धमकी तक, ट्रंप अपने "अमेरिका फर्स्ट" के जुनून में बाकी देशों को लात मारते चल रहे हैं — चाहे वो दोस्त हों या दुश्मन।और इस बार, उनके निशाने पर भारत आ गया।
भारत पर 25% टैरिफ का ऐलान। ऊपर से रूस से तेल लेने पर 10% पेनल्टी। और फिर ट्रंप का सीधा-सीधा बयान — "भारत डूबती हुई अर्थव्यवस्था है।"
कहने को तो ये एक रणनीतिक बयान था, लेकिन भारत में बैठे कुछ लोगों को ये सुनकर मानो राहत मिली। कांग्रेस के राहुल गांधी ने भी ट्रंप की तर्ज पर भारत की आर्थिक नब्ज काटनी शुरू कर दी।राहुल बोले, “बीजेपी को देश चलाना नहीं आता। इन्होंने इकोनॉमी तबाह कर दी।”ऐसे में सवाल है कि हकीकत क्या है .. भारत डूब रहा है या दुनिया को पार कर रहा है?
- IMF कहता है – भारत की GDP ग्रोथ 6.4% रहेगी।
- विश्व बैंक, ADB और S&P कहते हैं – भारत आज भी दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती इकोनॉमी है।
- 2025 में जॉब मार्केट में 9% की वृद्धि, IT सेक्टर में 15% हायरिंग का उछाल।
और अमेरिका? लगता है ट्रंप ने भारत की आर्थिक किताबों की जगह कोई पुराना चुनावी पर्चा पढ़ लिया।राहुल गांधी के ताज़ा तेवरों में ट्रंप को लेकर भी तंज था — “मोदी जी तो उन्हें दोस्त बताते थे, अब उन्हीं से देश को नुकसान हो रहा है।”लेकिन ये बिल्कुल वैसी ही सोच है जैसे नेहरू ने 1954 में "हिंदी-चीनी भाई-भाई" कहकर जताई थी... और बदले में चीन ने 1962 में हमला कर दिया था।
राजनीति में दोस्ती सिर्फ तस्वीरों तक होती है। असली खेल होता है हितों का। राहुल गांधी को समझना चाहिए कि विदेश नीति दो नेताओं की सेल्फी नहीं होती, यह देश के दीर्घकालिक लक्ष्य होते हैं।तो सवाल है कि डूब कौन रहा है? भारत? या विपक्ष का आखिरी नैरेटिव?
जब सारे वैश्विक संस्थान भारत की रफ्तार की तारीफ कर रहे हैं, तब “डूबती अर्थव्यवस्था” की रट क्या सिर्फ ट्रंप और राहुल का साझा राग बन गई है?
विपक्ष को समझना चाहिए कि राजनीतिक मतभेद एक बात है, लेकिन जब देश का सवाल हो, तब विपक्ष की आवाज़ ‘दुश्मनों’ के सुर से मेल खाए — ये देश की जनता को खटकता है।
No Previous Comments found.