तुलसी को सुखने से बचाए, जानिए ये असरदार उपाय...

गर्मियों की तेज धूप और लू के कारण तुलसी का पौधा अक्सर सूखने लगता है। अपनी तुलसी को भीषण गर्मी में भी हरा-भरा और घना बनाए रखने के लिए आप इन आसान और असरदार उपायों को अपना सकते हैं:
 
धूप से बचाएं, शेडिंग का इंतजाम करें
 
गर्मियों की सीधी और तेज धूप तुलसी की पत्तियों को झुलसा देती है।  दोपहर की तेज धूप से बचाने के लिए पौधे को ऐसी जगह रखें जहां सुबह की 2-3 घंटे की धूप मिले और बाद में छाया रहे। अगर पौधा ऐसी जगह है जिसे हटाया नहीं जा सकता, तो उसके ऊपर ग्रीन नेट या सूती कपड़े का सायबान बना दें।
 
पानी देने का सही तरीका और समय
 
गर्मियों में पौधे को पानी की ज्यादा जरूरत होती है, लेकिन गलत तरीके से पानी देने से जड़ें सड़ सकती हैं। तुलसी में हमेशा सुबह सूरज निकलने से पहले या शाम को सूरज ढलने के बाद ही पानी दें। दोपहर में पानी देने से बचें। गमले की ऊपरी मिट्टी को छूकर देखें, अगर वह सूखी लगे तभी पानी दें। गमले में पानी रुकना नहीं चाहिए, इसलिए ड्रेनेज होल को खुला रखें।
 
मल्चिंग करें
 
गमले की मिट्टी की नमी को बरकरार रखने के लिए मल्चिंग बहुत जरूरी है। तुलसी के तने के आसपास मिट्टी पर सूखी पत्तियां, नारियल का छिलका या कटी हुई सूखी घास की एक परत बिछा दें। इससे तेज धूप में भी मिट्टी का पानी जल्दी नहीं उड़ेगा और जड़ें ठंडी रहेंगी।
 
मंजरी और सूखी सूखी टहनियों की छंटाई 
 
तुलसी पर जब मंजरी आने लगती है, तो पौधा अपनी पूरी ऊर्जा बीज बनाने में लगा देता है और उसकी ग्रोथ रुक जाती है। इसलिए जैसे ही मंजरी आए, उसे तुरंत तोड़कर अलग कर दें। पौधे की ऊपरी कोपलों को उंगलियों से हल्का सा काटते रहें। इससे पौधा ऊपर बढ़ने के बजाय साइड से घना होगा।
 
प्राकृतिक खाद का इस्तेमाल
 
गर्मियों में कभी भी तुलसी में केमिकल फर्टिलाइजर या बहुत 'गर्म' खाद न डालें। वर्मीकंपोस्ट या पुरानी गोबर खाद महीने में एक बार दो मुट्ठी ठंडी और अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट डालें। आप रातभर पानी में भीगी हुई नीम खली के पानी को छानकर मिट्टी में डाल सकते हैं, यह खाद के साथ-साथ कीटनाशक का भी काम करता है।
 
कीड़ों और फंगस से बचाव
 
गर्मियों में कई बार सफेद कीड़े या फंगस तुलसी को सुखा देते हैं। एक लीटर पानी में एक चम्मच नीम का तेल और दो-तीन बूंद लिक्विड सोप मिलाकर हफ्ते में एक बार पौधे पर स्प्रे करें। गमले की मिट्टी में आधा चम्मच हल्दी पाउडर मिला दें, इससे जड़ों में फंगस नहीं लगती।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.