05 फरवरी की घटना के संबंध में भ्रामक समाचारों का खंडन एवं तथ्यात्मक स्थिति का स्पष्टीकरण

उज्जैन : श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा दिनांक 05 फरवरी को मंदिर परिसर में शयन आरती के दौरान हुई एक घटना के संबंध में पूर्व में ही तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट करते हुए घटनास्थल का वीडियो साझा किया गया था, ताकि वास्तविक जानकारी आमजन तक पहुंच सके। तथ्यों के अनुसार, शयन आरती के दौरान एक महिला श्रद्धालु द्वारा निकास द्वार पर मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया था, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी द्वारा उन्हें विनम्रतापूर्वक निकास हेतु निवेदन किया गया, किन्तु संबंधित महिला द्वारा सुरक्षा कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की एवं गला पकड़ने जैसा अनुचित आचरण किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने एवं व्यवस्था बनाए रखने हेतु महिला सुरक्षा कर्मियों द्वारा संबंधित महिला को मंदिर परिसर से बाहर किया गया। तत्पश्चात रात्रि में महाकाल थाना में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बावजूद कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स एवं समाचार पत्रों द्वारा भ्रामक एवं तथ्यों से परे जानकारी प्रसारित की जा रही है, जो वास्तविक स्थिति को गलत रूप में प्रस्तुत करती है जिससे श्री महाकालेश्वर मंदिर की छवि धूमिल हुई है। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ऐसे भ्रामक समाचारों एवं प्रकाशित खबरों का स्पष्ट रूप से खंडन करती है।समिति समस्त नागरिकों एवं मीडिया बंधुओं से आग्रह करती है कि अप्रमाणित एवं भ्रामक सामग्री का प्रचार-प्रसार न करें तथा केवल आधिकारिक एवं तथ्यात्मक जानकारी ही साझा करें।
वर्तमान में श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति शिवनवरात्रि के पावन पर्व पर भगवान महाकालेश्वर जी के दर्शन हेतु प्रतिदिन लगभग 2 लाख श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं सम्मानजनक दर्शन व्यवस्था प्रदान कर रही है एवं लाखों श्रद्धालु बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रफुल्लित हैं।

रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.